आज नारीबारी के पास टू लेन पुल का शिलान्यास करेंगे डिप्टी सीएम
टोंस नदी पर नारीबारी के पास रविवार को नए पुल के लिए प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आधारशिला रखेंगे। इस दौरान वह 33 सड़कों का भी लोकार्पण करेंगे। वह सभा को भी संबोधित करेंगे। शनिवार को अधिकारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया।
नारीबारी : टोंस नदी पर नारीबारी के पास रविवार को नए पुल के लिए प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य आधारशिला रखेंगे। इस दौरान वह 33 सड़कों का भी लोकार्पण करेंगे। वह सभा को भी संबोधित करेंगे। शनिवार को अधिकारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया।
उत्तर प्रदेश सेतु निगम के इंजीनियर आरके सिंह ने बताया कि कौंधी गऊघाट पुल के पास कार्यक्रम स्थल बनाया गया है। रविवार सुबह 11 बजे उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य पुल निर्माण का शिलान्यास करेंगे। यह पुल एक ओर बारा तहसील और दूसरी ओर कोरांव व मेजा तहसील को जोड़ेगा। यही नहीं रीवा, सतना के लोग शार्टकट में कोरांव व मेजा जा सकेंगे। ठीक 718 मीटर लंबे पुल के निर्माण में करीब 63 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। पुल बनने के बाद हजारों लोगों को सहूलियत मिलेगी। लंबे समय से लोग यहां पुल निर्माण की मांग कर रहे थे। इस पुल के साथ ही उप मुख्यमंत्री लोकनिर्माण विभाग द्वारा बनाई गई 33 सड़कों का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। ये सड़कें बारा, कोरांव व मेजा तहसील क्षेत्र की ही हैं। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर राज्य सेतु निगम के सहायक अभियंता सुभाष शुक्ल तथा बारा विधायक डॉ.अजय भारती ने कार्यकर्ताओं के साथ आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। पार्टी नेता अभिषेक तिवारी ने बताया कि उप मुख्यमंत्री शिलान्यास एवं जनसभा के बाद उपमुख्यमंत्री सड़क मार्ग से नारीबारी के पास लोहरा स्थित एक निजी विद्यालय का भी उद्घाटन करेंगे। भारी वाहनों को रोकने के लिए पुराने पुल पर मवैया पर लगे लोहे के एंगल में एंबुलेंस न निकल पाने की आशंका से क्षेत्राधिकारी बारा अजीत कुमार रजक ने थानाध्यक्ष शंकरगढ़ राजेश उपाध्याय एवं चौकी प्रभारी नारीबारी मनीष कुमार त्रिपाठी के साथ निरीक्षण कर एंगल को ऊंचा कराने का निर्देश दिया। कार्यक्रम की भव्य तैयारी से आसपास के ग्रामीणों में भारी उत्साह है। मौके पर भाजपा मीडिया प्रभारी दिलीप चतुर्वेदी भी रहे।