औद्योगिक क्षेत्र के तेंदुआवन में 13 लाख की चोरी, नकदी व जेवर उड़ा ले गए चोर Prayagraj News
रात में चोराें ने नकदी और आभूषण चोरी कर लिया लेकिन उनको घटना की भनक तक नहीं लगी। सुबह जब वे सोकर उठे तो घर का सामान फैला हुआ था।
प्रयागराज, जेएनएन। औद्योगिक क्षेत्र के तेंदुआवन गांव में रविवार की रात एक घर में चोरों का आतंक रहा। दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर घुसे चोरों ने सवा तीन लाख नकदी समेत करीब 10 लाख के जेवरात पार कर दिए। चोरी की भनक किसी को नहीं लगी। सुबह जानकारी होने पर परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचित किया। वहां पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच-पड़ताल कर रही है। हालांकि अभी तक कुछ ऐसा क्लू पुलिस के हाथ नहीं लगा है, जिससे चोरों के बारे में काेई जानकारी मिल सके।
सोकर उठे तो परिवार वालों को चोरी की हुई जानकारी
तेंदुआवन गांव निवासी सोमनाथ पांडे का परिवार कहीं गया हुआ था। उनके भतीजे और बहू मकान के पिछले हिस्से में रविवार की रात में सो रहे थे। रात में चोराें ने नकदी और आभूषण चोरी कर लिया लेकिन उनको घटना की भनक तक नहीं लगी। सुबह जब वे सोकर उठे तो घर का सामान फैला हुआ था। दरवाजे की कुंडी टूटी देखकर हैरान रह गए। स्वजनों ने बताया कि चोरों ने 13 लाख कीमत के सामान पर हाथ साफ कर दिया है। बाक्स में रखा सवा तीन लाख नकदी और जेवर सब गायब थे।
पुलिस व फॉरेंसिक विभाग की टीम जांच-पड़ताल कर रही
इसकी सूचना पुलिस को दी गई। औद्योगिक थाने के इंस्पेक्टर अभय कुमार श्रीवास्तव मय हमराही मौके पर पहुंचे। कुछ ही देर में फॉरेंसिक विभाग की टीम भी पहुंची। पुलिस घर की जांच-पड़ताल कर रही है। फिलहाल चोरों का अभी तक कुछ सुराग नहीं मिल सका है।
शिव मंदिर के गुंबद पर लगा सोने का कलश चोरी
प्रतापगढ़ जनपद में फतनपुर थाना क्षेत्र के कलीमुरादपुर गांव में प्राचीन शिव मंदिर के गुंबद पर लगे सोने का कलश चोरी हो गया है। रात में चोरों ने इसे गायब किया। सुबह लोगों की नजर जब शिव मंदिर के गुंबद पर पड़ी तो सोने का कलश गायब देख हैरान रह गए। कुछ ही देर में सैकड़ों की भीड़ जुुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल किया। सोने के बेशकीमती कलश पर नजर गड़ा रखे शातिर चोरों ने करीब 60 फीट ऊंचाई वाले मंदिर के गुंबद तक बांस लगाकर पहुंचे थे। पुलिस चोरों का सुराग लगाने की कोशिश कर रही है।