चोरों ने युवक पर चाकू से वार कर किया लहूलुहान Prayagraj News
अंधेरे में बदमाशों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू से वार से इरशाद लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पडा। शोर गुल सुनकर गांव के लोग भी दौडे तो चोर भाग निकले।
प्रयागराज,जेएनएन । जिले के हंडिया इलाके में सोमवार आधी रात चोरों के आने की आहट पाकर जगे युवक पर बदमाशों चाकू से हमला कर दिया। बदमाश युवक को लहूलुहान कर भाग निकले। शोरगुल सुनकर आसपास के लोग भागकर पहुंचे तो युवक से खून से लथपथ तडप रहा था। आनन फानन में युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हंडिया पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश में जुटी है।
चोरों की आहट पाकर जगा था युवक
हंडिया थाना क्षेत्र के दाता हयात शाहनगर निवासी मोहम्मद इरशाद घर के बाहर सो रहा था। सोमवार रात लगभग एक बजे वह पेशाब करने के लिए उठा। तभी उसे दुकान के अंदर चोरों के घुसे होने की आशंका हुई। इस पर वह दुकान की तरफ गया। तभी अंधेरे में बदमाशों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू से वार से इरशाद लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पडा। शोर गुल सुनकर गांव के लोग भी दौडे तो चोर भाग निकले। गांव के लोग इरशाद को अस्पताल ले गए। इरशाद के पैर और हाथ में गंभीर जख्म हैं।
हंडिया पुलिस मामले की जांच में जुटी
इरदशाद के भाई दिलशाद ने अज्ञात चोरों के खिलाफ हंडिया थाने में तहरीर दी है। तहरीर पर हंडिया पुलिस मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। थाना प्रभारी हंडिया ने बताया कि तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें दबोच लिया जाएगा। उधर, घटना से ग्रामीणों में काफी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस रात में गश्त पर नहीं निकलती है। जिसके चलते अक्सर ऐसी घटनाएं हो रही हैं।