Prayagraj Magh Mela 2021: मेले में होगा श्रीराम मंदिर का दर्शन, पर्यटन विभाग के शिविर में लगाया जा रहा है मंदिर का मॉडल
Prayagraj Magh Mela 2021 अयोध्या में बन रहे भगवान श्रीराम के मंदिर का एक मॉडल इस बार माघ मेला में भी देखने को मिलेगा। पर्यटन विभाग के शिविर में मॉडल रखा जाएगा। प्रदेश भर के पर्यटक स्थलों की भी यहां पर प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके लिए काम चल रहा है।
प्रयागराज, जेएनएन। अयोध्या में बन रहे भगवान श्रीराम के मंदिर का एक मॉडल इस बार माघ मेला में भी देखने को मिलेगा। यहां पर पर्यटन विभाग के शिविर में इसका मॉडल रखा जाएगा। इसके अलावा प्रदेश भर के पर्यटक स्थलों की भी यहां पर प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके लिए काम चल रहा है।
परेड मैदान में बन रहा है पर्य़टन विभाग का शिविर
माघ मेला क्षेत्र के परेड मैदान में मीना बाजार, झूला और प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसके लिए जमीनें चिह्नित कर ली गई है। इसी परिसर में पर्यटन विभाग का शिविर भी लगाया जाएगा। पयर्टन विभाग के शिविर में प्रदेश भर के पर्यटक स्थलों का दीदार किया जा सकेगा। यहां पर वाराणसी के घाट और मंदिरों के अलावा मथुरा, लखनऊ, चित्रकूट, जौनपुर, मेरठ, गोरखपुर, अयोध्या, बरेली, सहारनपुर आदि के पर्यटक स्थलों की फोटो या माडल आदि रखे जाएंगे। साथ ही उनके बारे में विस्तार से जानकारी भी लिखी होगी। इसमें सबसे खास होगा अयोध्या में बनवाया जा रहा है भगवान श्रीराम का मंदिर।
प्रदेश भर के पर्यटक स्थलों की लगाई जा रही प्रदर्शनी
वैसे पिछले कई सालों से विहिप के शिविर में मंदिर का मॉडल लगता था। अब मंदिर निर्माण शुरू हो गया तो पयर्टन विभाग मंदिर का मॉडल मेला क्षेत्र में प्रदर्शित कर रहा है। इसे लगाने के लिए दूसरे शहर से आए कलाकार काम कर रहे हैं। पर्यटन अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि प्रदेश भर के पर्यटक स्थलों की प्रदर्शनी माघ मेला में लगाई जाएगी। इसके लिए काम चल रहा है। प्रयास है कि मकर संक्रांति से यह प्रदर्शनी शुरू हो जाय।