तहकीकात में पोल खुली तो मची खलबली, क्रय केंद्रों पर पहुंचे अधिकारी और लगाई फटकार
दैनिक जागरण के गुरुवार के अंक में खबर प्रकाशित होने से जिला प्रशासन में खलबली मच गई। एक ओर जहां एडीएम शत्रोहन वैश्य ने खबर को संज्ञान में लेते हुए डिप्टी आरएमओ अजीत कुमार त्रिपाठी विपणन निरीक्षक श्यामू मिश्रा व सतीश पांडेय को तलब किया।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रतापगढ़ जनपद में शासन की लाख सख्ती के बाद भी केंद्र प्रभारियों की कार्यशैली में बदलाव नहीं हो रहा है। इससे शासन की मंशा पर पानी फिर रहा है। क्रय केंद्रों पर किसानों के कम दिखने का भी यह कारण हो सकता है।
जागरण की खबर का असर
दैनिक जागरण की टीम ने बुधवार को विपणन केंद्र सदर, मानधाता सहित अन्य की पड़ताल की थी, जिसमें निरीक्षक गायब मिले थे। यहां तक कि डिप्टी आरएमओ खुद अपने कार्यालय से गायब मिले थे। दैनिक जागरण के गुरुवार के अंक में खबर प्रकाशित होने से जिला प्रशासन में खलबली मच गई। एक ओर जहां एडीएम शत्रोहन वैश्य ने खबर को संज्ञान में लेते हुए डिप्टी आरएमओ अजीत कुमार त्रिपाठी, विपणन निरीक्षक श्यामू मिश्रा व सतीश पांडेय को तलब किया। उनसे जवाब भी मांगा गया है। वहीं पूरे मामले को खाद्य आयुक्त मनीष चौहान व संभागीय खाद्य नियंत्रक देवराज यादव ने भी संज्ञान में लिया। संभागीय खाद्य नियंत्रक ने गुरुवार को विपणन केंद्र सदर, मानधाता सहित अन्य का निरीक्षण किया। केंद्रों पर खरीद गए धान की जानकारी ली। उसके उठान की भी जानकारी डिप्टी आरएमओ से ली। एडीएम ने बताया कि क्रय केंद्रों पर समय से न पहुंचना बड़ी लापरवाही है। खबर को संज्ञान में लेते हुए डिप्टी आरएमओ समेत निरीक्षकों को तलब किया गया है। संभागीय खाद्य नियंत्रक ने बताया कि क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया गया है। संबंधितों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया है।
डिप्टी आरएमओ ने भी दी हिदायत
डिप्टी आरएमओ अजीत त्रिपाठी ने लालगंज, कुंडा, सदर सहित अन्य कई विपणन केंद्रों का जायजा लिया। केंद्र प्रभारियों से खरीद की जानकारी ली। संभागीय खाद्य नियंत्रक के आने की सूचना पर वह वापस लौट गए।