पूर्व विधायक विजमा को धमकी देने वाला भागा दिल्ली Prayagraj News
विजमा ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कार का नंबर पुलिस को दिया था। दूसरे दिन ही पुलिस ने कार मालिक का पता लगा लिया था।
प्रयागराज,जेएनएन। समाजवादी पार्टी की पूर्व विधायक विजमा यादव को धमकी देने के मुख्य आरोपित को अभी तक पुलिस नहीं पकड़ सकी है। वह दिल्ली भाग गया है। हालांकि उसके एक साथी को पुलिस ने गिरफ्तार किया था, जिसे बाद में जमानत पर छोड़ दिया गया। पूछताछ में वह भी पूर्व विधायक को धमकी देने की बात स्पष्ट तौर पर नहीं बता सका। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के बाद ही धमकी देने की वजह सामने आएगी।
लूकरगंज इलाके का रहने वाला है मुख्य आरोपित
कैंट थाना क्षेत्र के अशोक नगर की रहने वाली पूर्व विधायक विजमा यादव को दो जुलाई को कार सवार तीन-चार युवकों ने तरह-तरह की धमकी दी थी। विजमा ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कार का नंबर पुलिस को दिया था। दूसरे दिन ही पुलिस ने कार मालिक का पता लगा लिया था। पूछताछ में उसने बताया था कि धूमनगंज क्षेत्र के कुछ युवक उसकी कार ले गए थे। पुलिस ने जांच का दायरा आगे बढ़ाया तो कुछ के नाम पता चल गए। इधर एक को पकड़ लिया गया। उसने बताया कि धमकी देने वाला लूकरगंज का रहने वाला है। पुलिस ने उसके घर पर दबिश दी तो पता चला कि वह दिल्ली भाग गया है। मामले की जांच कर रहे एसआइ रामेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि धमकी देने की वजह अब तक सामने नहीं आई है। मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के बाद ही पता चलेगा कि उसने पूर्व विधायक को किन वजहों से धमकी दी थी।