उरुवा में वज्रपात से किशोरी की मौत
संसू उरुवा/मांडा (प्रयागराज) सोरांव
उरुवा में वज्रपात से किशोरी की मौत
संसू, उरुवा/मांडा (प्रयागराज): सोरांव गांव में मंगलवार दोपहर वज्रपात से एक किशोरी की मौत हो गई। गांव निवासी 16 वर्षीय प्रियंका पुत्री स्व कमलेश भारतीया घर के बाहर कुछ काम कर रही थी। तभी अचानक से मौसम बदला। वज्रपात होने से प्रियंका उसकी चपेट में आ गई, और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। किशोरी की माता शैल देवी और पिता कमलेश की मौत भी काफी पहले हो चुकी है। प्रियंका का लालन पालन दादा रंगलाल करते थे। तहसीलदार गजराज सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के आधार पर दैवी आपदा योजना का लाभ दिया जाएगा।
वज्रपात से भैंस मरी, घर की दीवार फटी : मांडा के धराव कुलंदन गांव में मंगलवार को दोपहर वज्रपात होने से लालती देवी पत्नी स्वर्गीय संतोष कुमार के घर की दीवार फट गई। वहीं बगल में बंधी लालती देवी की भैंस मर गई। घटना की सूचना राजस्व विभाग के कर्मचारियों को दी गई है।
कार की चपेट में आने से वृद्ध घायल
संसू, कपारीः प्रयागराज-बांंदा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार शाम करीब साढ़े पांच बजे साइकिल से घर जा रहा वृद्ध कार की चपेट में आ कर गंभीर रूप से घायल हो गया। करीब 62 वर्षीय राम सागर निवासी कपसो अतरी पाल बस्ती को प्रयागराज की तरफ से आ रही कार ने टक्कर मार दी। घायल को नजदीकी प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीणों ने कार चालक अशोक कुमार निषाद गाँव मैदाना मऊ ज़िला चित्रकूट को पकड़ लिया। वह अपने दोस्त की कार लेकर घर जा रहा था।घटना की सूचना शंकरगढ़ पुलिस को दे दी गई है।
कुंबरी गांव में हमले से किसान घायल
संसू, शंकरगढ़ : कुबरी गांव में किसान पर किए गए हमले से हालत गंभीर होने पर चिकित्सक ने रेफर किया। कुबरी भड़िवार गांव निवासी अर्चना सिंह ने बताया कि पति राजेंद्र सिंह मंगलवार को ट्रैक्टर से खेत जोत रहे थे। तभी पड़ोस के कुछ लोग लाठी डंडा और कुल्हाड़ी लेकर आए और जानलेवा हमला कर दिए। इससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
सीट के विवाद में मारपीट
संसू, नारीबारी : ग्राम प्रधान देवरा रत्नाकर सिंह पंचायत सचिव को नारीबारी चौराहे पर टाटा बैठाने गए थे। सीट के लिए जारी निवासी परिचालक राजू से विवाद हो गया। प्रधान ने आरोप लगाया कि परिचालक राजू ने नारीबारी चौराहे पर दुकान चलाने वाले अपने रिश्तेदार दिलदार के साथ मिल कर मारा पीटा और घसीटते हुए चौकी ले गए। विवाद की सूचना मिलते ही प्रधान के परिजन और समर्थक भारी संख्या में चौकी पर पहुंच गए। पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई।