प्रतापगढ़ ई ज्ञान गंगा से माध्यमिक स्कूलों में पठन-पाठन शुरू
जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वदा नंद ने इसका पालन अपने-अपने विद्यालयों में प्रभावी ढंग से कराने का निर्देश प्रधानाचार्यों को दिया है।
प्रतापगढ़,जेएनएन। जिले के माध्यमिक विद्यालयों में वर्चुअल कक्षाएं शुरू कर दी गई हैं। अब शासन ने बच्चों को ई-ज्ञान गंगा कार्यक्रम के माध्यम से पढ़ाई कराने का निर्देश दिया है। बच्चे इसके माध्यम से पढ़ेंगे और अपनी समस्याओं का समाधान शिक्षकों के माध्यम से कराएंगे। इसकी साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट सचिव माध्यमिक शिक्षा को भेजनी होगी।
निर्धारित समय सारणी के अनुसार कक्षावार होगा पठन पाठन
शासन एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग ने लॉक डाउन की अवधि में विद्यालय बंद होने की स्थिति में सत्र को नियमित करने व पठन-पाठन के लिए विशेष निर्देश प्रदान किए हैं। सभी माध्यमिक स्कूलों में वर्चुअल स्कूल एवं ज्ञान गंगा के माध्यम से पठन-पाठन की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा स्वयं प्रभा चैनल 22 एवं दूरदर्शन आदि पर प्रसारित किए जा रहे वीडियो आदि से संबंधित समस्त शैक्षणिक गतिविधियों को सम्मिलित करते हुए निर्धारित समय सारणी के अनुसार कक्षावार पठन पाठन कराया जाएगा। वीडियो का प्रसारण समय सारणी के अनुसार दूरदर्शन उत्तर प्रदेश एवं स्वयं प्रभा चैनल 22 पर किया जाएगा। दूरदर्शन उत्तर प्रदेश पर कक्षा 10 एवं 12 के लिए सोमवार से लेकर शुक्रवार तक दिन में एक बजे से दो बजे तक, ढाई से तीन बजे तक,साढ़े तीन बजे से शाम पांच बजे तक तथा शाम साढ़े पांच बजे से साढ़े छह बजे तक किया जाएगा। स्वयंप्रभा चैनल 22 पर कक्षा नौ एवं 11 के लिए सोमवार से लेकर शुक्रवार तक पूर्वाह्न 11 बजे से एक बजे तक, शाम साढ़े चार से साढ़े छह बजे तक प्रसारण होगा।
ऑनलाइन पठन पाठन में आने वाली समस्या का प्रत्येक शनिवार को होगा समाधान
छात्र-छात्राओं के ऑनलाइन पठन-पाठन में आने वाली समस्याओं का समाधान संबंधित विद्यालय के शिक्षकों द्वारा प्रत्येक शनिवार को दिन में 10 बजे से दो बजे तक एवं अन्य कार्य दिवसों में किया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वदा नंद ने इसका पालन अपने-अपने विद्यालयों में प्रभावी ढंग से कराने का निर्देश प्रधानाचार्यों को दिया है। उन्होंने इसका व्यापक रूप से प्रचार प्रसार कराने को कहा है।