आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी संजय सिंह बोले-उत्तर प्रदेश में जंगलराज हो गया है
आम आदमी पार्टी के सांसद और उत्तर प्रदेश के प्रभारी संजय सिंह अपने प्रयागराज आगमन पर प्रदेश सरकार पर जमकर बरसे। बोले कि उत्तर प्रदेश में जंगलराज हो गया है। ऐसे में मुख्यमंत्री को अपनी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए स्वयं इस्तीफा दे देना चाहिए।
प्रयागराज, जेएनएन। आम आदमी पार्टी के सांसद और उत्तर प्रदेश के प्रभारी संजय सिंह का प्रयागराज आगमन हुआ। इस दौरान उन्होंने नैनी में कहा कि उत्तर प्रदेश में जंगलराज हो गया है। जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। यहां बहन, बेटियां सुरक्षित नहीं है। पुलिस वाले मनमानी कर रहे हैं, जिसके चलते कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है। ऐसे में मुख्यमंत्री को अपनी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए स्वयं इस्तीफा दे देना चाहिए।
बोले, पार्टी में कार्यकर्ताओं का होगा पूरा सम्मान
आप के उत्तर प्रदेश के प्रभारी संजय सिंह किसी भी पार्टी को मजबूत करने का काम उसके कार्यकर्ताओं का होता है। कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ होते हैं। ऐसे में आम आदमी पार्टी को मजबूत बनाने के लिए आप सभी कमर कसकर तैयार हो जाए। पार्टी में कार्यकर्ताओं का पूरा सम्मान होगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता तैयार रहें, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में दिल्ली की तर्ज पर प्रदेश में भी आम आदमी पार्टी की सरकार बनाई जा सके।
इन्होंने आप की सदस्यता की ग्रहण
इससे पहले बड़ी संख्या में बीडीसी सदस्य प्रधान और अन्य पार्टी के सदस्यों ने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। सांसद ने उन्हेंं सदस्यता प्रमाण पत्र प्रदान किया। इस दौरान जिला अध्यक्ष डॉक्टर अल्ताफ, जिला महासचिव सर्वेश यादव, प्रदेश महासचिव दिनेश पटेल, राष्ट्रीय परिषद की सदस्य शिमल, प्रदेश सचिव अंजनी मिश्रा, प्रवक्ता इमरान खान पामेला, प्रदेश सहप्रभारी नदीम, प्रदेश सहप्रभारी अभिनव, प्रदेश महिला महासचिव सुल्ताना हनीफ आदि उपस्थित रहे।