प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नंदी ने किया ट्वीट-अन्नदाताओं को बाजारों से जोड़ बढ़ाई जा रही उनकी आय Prayagraj News
यूपी के कैबिनेट मंत्री नंदी ने ट्वीट कर कहा कि देश भर में 18 रूटों पर 157 किसान रेल सेवाओं का संचालन किया जा रहा है। किसान रेल से फल एवं सब्जियों की ढुलाई पर 50 प्रतिशत की सब्सिडी दी जा रही है। उन्होंने एक चित्र भी शेयर किया है।
प्रयागराज, जेएनएन। केंद्र सरकार किसानों के साथ खड़ी है। उनकी आय बढ़ाने में जुटी है। इस बात को साबित करने में केंद्र ही नहीं, प्रदेश सरकार के मंत्री व विधायक भी लगे हैं। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्त नंदी ने ट्वीट किया है कि देश के अन्नदाताओं को बाजारों से जोड़ उनकी आय में वृद्धि का माध्यम बन रही किसान रेल।
मंत्री नंदी ने एक चित्र भी शेयर किया है
मंत्री नंदी ने ट्वीट कर कहा कि देश भर में 18 रूटों पर 157 किसान रेल सेवाओं का संचालन किया जा रहा है। किसान रेल से फल एवं सब्जियों की ढुलाई पर 50 प्रतिशत की सब्सिडी दी जा रही है। उन्होंने एक चित्र भी शेयर किया है, जिसमें लिखा है कि 22 जवरी 2021 तक 157 किसान रेल सेवाएं संचालित की जा चुकी हैं। यह भी बताया है कि 49000 टन से अधिक माल की ढुलाई हो चुकी है।
कृषि कानूनों का किया बचाव
प्रयाग प्रवास के दौरान कैबिनेट मंत्री नंदी ने कहा था कि कृषि कानून किसानों की आय बढ़ाने वाले और उन्हें संरक्षण देने वाले हैं। उन्हें इस कानून से किसी भी तरह की कठिनाई नहीं होगी। जो लोग इसका विरोध कर रहे हैं, वह सिर्फ किसानों को भ्रमित कर रहे हैं। आंदोलन के नाम पर देश में अशांति फैलाई जा रही है। इससे किसी भी किसान का भला नहीं होगा। नए बजट में भी किसानों की बेहतरी के लिए कदम उठाए गए हैं। अपनी चुनी सरकार पर सिर्फ भरोसा रखें समृद्धि और विकास खुद-ब-खुद मिलेंगे। ऐसा कोई भी कदम न तो केंद्र और न प्रदेश सरकार उठाने जा रही है जिससे किसानों को नुकसान हो।