छतनाग और सिरसा पहुंची एसपीजी, सुरक्षा का खाका खींचा
कांग्रेस महसचिव प्रियंका गांधी के 18 मार्च को प्रयागराज दौरा के तहत शहर में एसपीजी आ चुकी है। एसपीजी शनिवार को छतनाग व सिरसा घाट पहुंची। वहां सुरक्षा व्यवस्था का खाका खींचा।
प्रयागराज : कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के 18 मार्च को प्रयागराज दौरे के मद्देनजर एसपीजी ने रूट भ्रमण और मैपिंग शुरू कर दी है। शनिवार को एसपीजी अफसर छतनाग और सिरसा पहुंचे। वहां प्रियंका गांधी के कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा का खाका खींचा। प्रियंका गांधी के स्टीमर से जाने के मद्देनजर एसपीजी ने घाट का भी निरीक्षण किया। सुरक्षा इंतजामों के मद्देनजर अफसरों ने एसपी प्रोटोकॉल आशुतोष द्विवेदी और सीओ एलआइयू से भी मुलाकात की।
प्रियंका 18 को आएंगी, एसपीजी का डेरा
प्रियंका गांधी वाड्रा को एसपीजी सुरक्षा मिली हुई है। उनको 18 मार्च को प्रयागराज आना है। ऐसे में एसपीजी की टीम शुक्रवार से ही शहर में डेरा डाले है। प्रियंका को संगम पर भी जाना है। एसपीजी अफसर संगम पर सुरक्षा इंतजाम की रूपरेखा तैयार करने के बाद छतनाग और सिरसा पहुंचे। प्रियंका के कार, स्टीमर रूट को लेकर एसपीजी ने मैपिंग कर ली है। कांग्रेस के बड़े नेताओं से संपर्क कर एसपीजी ने तमाम जगहों पर जुटने वाली भीड़ को लेकर भी रूपरेखा तैयार की है। बमरौली एयरपोर्ट से संगम, फिर अन्य जगहों के कार्यक्रम में प्रियंका की सुरक्षा के क्या इंतजाम रहेंगे इसके बारे में पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की।
सीओ एलआइयू के साथ कई जगह का किया भ्रमण, घाट पर किया रिहर्सल
शनिवार की सुबह सीओ एलआइयू के साथ टीम ने कई जगह का भ्रमण किया। एसपीजी सुरक्षा के मद्देनजर एलआइयू से भी समन्वय बनाए हुए है। प्रियंका को छतनाग से स्टीमर से दुमदुमा और सिरसा जाना है। एसपीजी सबसे ज्यादा सुरक्षा की मशक्कत यहीं के लिए कर रही है। शनिवार को घाट पर एसपीजी ने रिहर्सल भी किया।
पुलवामा में शहीद महेश यादव के घर भी जाएंगी प्रियंका
प्रियंका को पुलवामा में शहीद हुए महेश यादव के घर टुडि़हार, मेजा भी जाना है। एसपीजी वहां के दौरे के मद्देनजर भी सुरक्षा की तैयारी कर रही है। प्रियंका को यहां से भदोही, मीरजापुर होते हुए वाराणसी जाना है। एसपीजी की दूसरी टीमें इन तीनों जिलों में पहुंच गई है।