सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर मनाया विरोध दिवस
केंद्र में भाजपा सरकार में बढ़ रही महंगाई, बेरोजगारी, ध्वस्त कानून व्यवस्था आदि मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर विरोध दिवस मनाया।
जासं, इलाहाबाद : केंद्र में भाजपा सरकार के चार साल पूरे होने के बाद भी बढ़ रही महंगाई, बेरोजगारी, ध्वस्त-कानून व्यवस्था जैसे तमाम मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी महानगर इकाई के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन विरोध दिवस मनाया। महानगर अध्यक्ष सैय्यद इफ्तेखार हुसैन के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी भी की।
प्रदर्शन के दौरान फूलपुर के सांसद नागेंद्र सिंह पटेल ने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने देश की जनता से जो वादे किए थे, उनमें से एक भी पूरे नहीं हुए। केंद्र सरकार ने चार साल में जो फैसले लिए, उससे देश में बेरोजगारी बढ़ी, महंगाई चरम पर पहुंच गई। नोटबंदी, जीएसटी से जनता को परेशानी का सामना करना पड़ा। भ्रष्टाचार के मामले हो या सीमा की रक्षा का मामला रहा हो केंद्र सरकार फेल साबित हो रही है। सपा सासद नागेंद्र ने कहा कि गठबंधन से घबराये भाजपा के लोग रोज ही अनर्गल बयान दे रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि कैराना एवं नूरपुर उप चुनाव में गठबंधन की जीत सुनिश्चित है।
सपा के महानगर अध्यक्ष ने कहा कि रमजान के पवित्र माह में खासकर मुस्लिम समुदाय के इलाकों में बिजली, पानी की आपूर्ति चरमराई हुई है। गंदगी का अंबार लगा हुआ है। उन्होंने प्रदर्शन को लेकर प्रशासन द्वारा नोटिस जारी किए जाने एवं उनके आवास पर पुलिस भेजकर प्रदर्शन न करने के लिए धमकी देने पर नाराजगी जताई। सपा नेताओं ने कहा कि पूरे शहर में सड़कें खोद दी गई हैं। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन भी डीएम के माध्यम से दिया गया।
इस मौके पर पूर्व महानगर अध्यक्ष केके श्रीवास्तव, मुश्ताक काजमी, इसरार अंजुम, महेंद्र निषाद, दान बहादुर मधुर, कुमार नारायण, मो. अशकरी, मंजू यादव, अजय श्रीवास्तव, रविंद्र यादव, पीयूष पटेल, जमाल अफजल, सचिन यादव आदि मौजूद रहे।
उधर, सपा के वरिष्ठ नेता विनोद चंद्र दुबे ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार के चार के दौरान महंगाई ने लोगों की कमर तोड़ दी है। डीजल और पेट्रोल के दामों में बेतहाशा वृद्धि से लोग हैरान-परेशान हो गए हैं।