जल्द ही एसआरएन अस्पताल में कोरोना वायरस के मरीजों को मिलेगा अलग रास्ता Prayagraj news
पोस्टमार्टम हाउस के पास जो गेट लगा है उसी स्थान पर दो नए पिलर तैयार होगे। गार्ड रूम भी बनेगा रैंप भी बनाया जाएगा। शासन से 12 लाख रुपये मंजूर हो चुके हैं। अब कोविड-19 के मरीजों व पोस्टमार्टम के लिए आने वाले लोगों को अलग रास्ता मिल सकेगा।
प्रयागराज, जेएनएन। स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में कोविड-19 के मरीजों के लिए अलग रास्ता तैयार किया जा रहा है। पोस्टमार्टम हाउस की तरफ बना गेट लंबे समय से बंद था। अब उसे खोला जाएगा। उस जगह पर दो नए पिलर तैयार होंगे और गेट भी बनेगा। यह रास्ता सीएवी इंटर कॉलेज के बगल से निकलेगा।
न्यायालय के आदेश के अनुपालन में बनाया जा रहा वैकल्पिक रास्ता
उपाधीक्षक गौतम त्रिपाठी ने बताया कि 2019 में न्यायालय ने पूछा था कि अस्पताल में आपदा प्रबंधन की दृष्टि से कोई वैकल्पिक मार्ग है या नहीं। इस पर अस्पताल की तरफ से यह रास्ता बताया गया था। उसी के अनुपालन के क्रम में कुंभ के दौरान सीएवी इंटर कॉलेज के बगल से सड़क बनाई गई थी लेकिन उसे परिसर से पूरी तरह से जोड़ा नहीं जा सका था। अब पोस्टमार्टम हाउस के पास जो गेट लगा है उसी स्थान पर दो नए पिलर तैयार होगे। वहां गार्ड रूम भी बनेगा साथ ही रैंप भी बनाया जाएगा। इसके लिए शासन से 12 लाख रुपये मंजूर हो चुके हैं। अब कोविड-19 के मरीजों व पोस्टमार्टम के लिए आने वाले लोगों को अलग रास्ता मिल सकेगा। अस्पताल को भी अनावश्यक भीड़ से बचाने में मदद मिलेगी। वैसेे भी एसआरएन अस्पताल में काफी बदलाव लाया गया है।