पहले दिन धान क्रय केंद्रों पर रहा सन्नाटा
जासं प्रयागराज सरकारी क्रय केंद्रों पर धान खरीद गुरुवार से शुरू कर दी गई लेकिन ज्यादातर केंद्रों पर सन्नाटा ही पसरा रहा। कहीं तहसील क्षेत्र में केंद्र नहीं बने तो कहीं किसान ही नहीं पहुंचे।
जासं, प्रयागराज : सरकारी क्रय केंद्रों पर धान खरीद गुरुवार से शुरू कर दी गई, लेकिन ज्यादातर क्रय केंद्रों पर पहले दिन सन्नाटा रहा। कई तहसील क्षेत्रों में तो खरीद केंद्र ही नहीं बने। वहीं, स्थानीय किसान धान की कटाई शुरू करने और नमी होने की बात कह रहे हैं। उधर, विभाग जिलेभर में धान की खरीद के लिए कुल 50 क्रय केंद्र बनाने का दावा कर रहा है।
हंडिया तहसील क्षेत्र में भीटी, अतरौरा और जंघई में धान क्रय केंद्र बनाया गया है। भीटी क्रय केंद्र पर पूरे दिन कोई नहीं आया। इसके अलावा अतरौरा और जंघई में क्रय केंद्र नहीं खुले। धनूपुर में तो अब तक क्रय केंद्र का निर्धारण ही नहीं हुआ। मऊआइमा में सरकारी विपणन क्रय केंद्र में तैयारी पूरी है। हालांकि, पहले दिन किसान धान बेचने नहीं पहुंचे। स्थानीय किसानों का कहना है कि धान की कटाई शुरू की गई है। फसल में अभी नमी है। चार-पांच दिन बाद धान बेचेंगे। केंद्र के विपणन अधिकारी भीमा प्रसाद ने बताया कि क्रय केंद्रों की सूची नहीं मिली है। फूलपुर में विपणन केंद्र पर धान खरीद नहीं हुई। केंद्र प्रभारी सुप्रिया सिंह का कहना है कि पहला दिन था। इसलिए किसान धान बेचने नहीं आए। उन्होंने बताया कि केंद्रों की सूची अब तक नहीं आई है। कोरांव में अब तक क्रय केंद्रों का निर्धारण ही नहीं हुआ है। एसडीएम संदीप कुमार वर्मा के मुताबिक, अभी क्रय केंद्रों की सूची नहीं मिली है। किसानों का धान भी तैयार नहीं है। किसानों के आवेदन का सत्यापन कराया जा रहा है।
---- क्रय केंद्र की मांग के अनुसार मिलेगा बारदाना
जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी के मुताबिक, बोरे की 250 गांठ स्टॉक में है। नवंबर तक अगली रैक में पांच हजार और गांठें कोलकाता से आ जाएंगी। बारदाना की कमी नहीं होगी। किसानों की मांग के अनुरूप बारदाना उपलब्ध करा दिया जाएगा।
--------
वर्जन
क्रय केंद्रों पर धान की खरीद शुरू कर दी गई है। पहले दिन केंद्रों पर सन्नाटा रहा। प्रदेश सरकार ने धान क्रय का समर्थन मूल्य 1868 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया है और इस वर्ष दो लाख टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
विपिन कुमार, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी