जम्मू-कश्मीर में लोकतंत्र से हो रहा खिलवाड़ : शत्रुघ्न सिन्हा
पटना के भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि जम्मू और कश्मीर में लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ हो रहा है। वह गुरुवार को प्रयागराज में थे।
प्रयागराज : पटना से भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने गुरुवार को भी नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा। सिविल लाइंस स्थित एक होटल में अपना दल (कृष्णा पटेल गुट) की मुखिया कृष्णा पटेल के साथ पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में जिस प्रकार से विधानसभा को भंग की गई है,वह लोकतंत्र से खिलवाड़ है।
उन्होंने कहा कि अगर राज्यपाल कार्यालय का फैक्स खराब था तो यह बात चिंता का विषय है। कहा कि लोगों की बात वहां तक नहीं पहुंच रही है। आनन-फानन में विधानसभा को भंग किया जाना खटकता है। पटना के सांसद ने यह भी दोहराया कि वह हमेशा राष्ट्रहित की बात करते हैं और इसकी लड़ाई लड़ते हैं। बोले कि अगर राष्ट्रहित की बात करना बगावत है तो मैं बागी हूं।
बने मानव मंदिर :
राम मंदिर के मुद्दे पर उनका कहना था कि पहले मानव मंदिर बनना चाहिए। मानव मंदिर का मतलब लोगों को रोजगार मिले, किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिले। देश में अमन और चैन हो। शत्रुघ्न सिन्हा ने 2019 में भी चुनाव लडऩे की बात दोहराई। कहा कि अगर पार्टी उन्हें निष्कासित करती है तो उनके लिए विकल्प खुले हैं।
बताते चलें कि बुधवार को शत्रुघ्न सिन्हा ने चित्रकूट में अपना दल (कृष्णा पटेल गुट) की किसान जनसभा में नोटबंदी को लेकर प्रधानमंत्री पर निशाना साधा था। उन्होंने इस फैसले को तुगलकी फरमान बताया था। कहा था कि भाजपा वन मैन शो और टू मैन आर्मी बन चुकी है।