पूर्व प्रधानमंत्री पंडित नेहरू की पुण्यतिथि पर सर्वधर्म समभाव की झलक
प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की 55वीं पुण्यतिथि सोमवार को मनाई जा रही है। आनंद भवन स्थित उनके पैत्रिक आवास पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम भी होंगे।
प्रयागराज, जेएनएन। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू की पुण्यतिथि आज मनाई जा रही है। इस अवसर पर सर्वधर्म समभाव की झलक दिखाई देगी। पंडित नेहरू की पुण्यतिथि उनके पैतृक आवास आनंद भवन में कार्यक्रम शुरू हो गया है। कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने नेहरू जी के चित्र पर माल्यार्पण किया। यहां सभी धर्मों के धर्मगुरु अपने-अपने धर्म ग्रंथों का पाठ करेंगे और उसकी विशेषता को बताएंगे। साथ ही प्रार्थना सभा आयोजित कर चाचा नेहरू को भावभीनी श्रद्धांजलि भी दी जाएगी।
हिंदू, मुस्लिम, सिख, इसाई और सिख धर्मों के गुरु जुटेंगे
पंडित नेहरू की पुण्यतिथि प्रतिवर्ष 27 मई को जवाहर लाल नेहरू स्मारक निधि की ओर से आनंद भवन में मनाई जाती है। इस बार भी इसकी तैयारी की जा रही है। उनकी पुण्यतिथि पर सिर्फ ङ्क्षहदू ही नहीं बल्कि मुस्लिम, सिख, इसाई व जैन धर्म के धर्म गुरु को आमंत्रित किया जा रहा है। सभी धर्म गुरु अपने-अपने धर्मग्रंथ गीता, कुरान, बाइबिल, गुरु ग्रंथ व जिनवाणी से लिए गए कुछ अंशों का पाठ करेंगे। इस आयोजन के पीछे कारण यह है कि पंडित नेहरू सभी धर्मों को मानने वाले थे।
सर्वधर्म प्रार्थना सभा के बाद भजन व गायन भी होगा
सर्वधर्म प्रार्थना सभा के बाद भजन व गायन का भी आयोजन किया जाएगा। यह प्रस्तुति जवाहर बाल भवन के बच्चों द्वारा की जाएगी। नेहरू का बच्चों से बहुत लगाव था, इसलिए उनकी पुण्यतिथि पर बच्चों को भी शामिल किया जाता है। आनंद भवन के डायरेक्टर डॉ. रवि किरन ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि मनाई जा रही है। इसमें सभी धर्मों को शामिल किया गया है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप