सपाइयों ने मुख्यमंत्री और डीजीपी को हटाए जाने की मांग की Prayagraj News
सपाइयों ने प्रदेश में कानून व्यवस्था को ध्वस्त बताते हुए कहा कि दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ रही हैं। सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। सपा नेताओं ने खूब नारेबाजी की।
प्रयागराज, जेएनएन। उन्नाव में दुष्कर्म के बाद जलाई गई युवती की मौत तथा तीन साल की मासूम से दरिंदगी की घटना पर सियासत गर्म हो गई है। समाजवादी पार्टी ने जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन कर प्रदेश में इस प्रकार की बढ़ती घटनाओं पर आक्रोश जताया। नेताओं ने सरकार पर तीखे हमले करते हुए मुख्यमंत्री, डीजीपी को हटाए जाने की मांग की। इस मांग से संबंधित राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजा।
कहा, प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त है
सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष कृष्णमूर्ति सिंह, सैयद इफ्तेखार हुसैन, एमएलसी वासुदेव यादव, पंधारी यादव, पूर्व विधायक राम सेवक पटेल, विनोद चंद्र दुबे और राजेंद्र पटेल सहित दर्जनों कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय के सामने पहुंचे और वहीं बैठकर नारेबाजी करने लगे। सपाइयों ने प्रदेश में कानून व्यवस्था को ध्वस्त बताते हुए कहा कि दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ रही हैं। सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। सपा नेताओं ने नारेबाजी की। प्रधानमंत्री से इस्तीफा मांगा और यूपी सरकार को भंग करने की मांग की। इस अवसर पर निधि यादव, डॉ मान सिंह, संदीप यादव, दान बहादुर सिंह मधुर, नाटे चौधरी, राकेश सिंह, महबूब उस्मानी सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।
धरना स्थल पर जताया शोक
सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने धरना स्थल पर ही दो मिनट का मौन रखकर दुष्कर्म पीडि़ता मृत युवती की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
हर तरफ उठी आवाज, उन्नाव की बेटी को दो न्याय
अल्पसंख्यक कांग्रेस कमेटी की ओर से महानगर अध्यक्ष अरशद अली के अगुवाई में करेली में कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला। इसमें मांग की गई कि जिस तरह से तेलंगाना पुलिस ने साहस और बहादुरी का सुबूत देते हुए हैदराबाद की महिला को इंसाफ दिलाया है उसी तरह प्रदेश की पुलिस भी उन्नाव की बेटी को इंसाफ दिलाने में अपना साहस दिखाए। इस अवसर पर महानगर उपाध्यक्ष साबिर फरीदी, उपाध्यक्ष अन्नू बेगम, नाज खान, परवेज आलम, डॉ. जैद उल्लाह आदि मौजूद रहे।