समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं की बांछें खिली तो बसपा खेमे में है मायूसी, जानिए क्या है इसकी वजह Prayagraj News
प्रतापपुर बसपा विधायक ने जोनल को-आर्डीनेटरों पर मनमानी का भी आरोप लगाया। कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए नए चेहरे खोजे जाने की बात की जा रही है यह उनकी सेवाओं का सम्मान कैसे माना जा सकता है।
प्रयागराज,जेएनएन। सूबे की राजधानी लखनऊ में बुधवार को चले सियासी घटनाक्रम से प्रयागराज में जहां समाजवादी पार्टी से जुड़े लोगों की बांछे खिल गई हैं, वहीं बहुजन समाज पार्टी से जुड़े सियासी चेहरे मायूस हैैं,लेकिन टिप्पणी से बच रहे हैैं।
प्रयागराज के क्रमश: प्रतापपुर और हंडिया से बहुजन समाज पार्टी के विधायक मुज्तबा सिद्दीकी और हाकिम लाल बिंद ने बुधवार दोपहर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात की थी।
इसके बाद जिले का सियासी पारा गर्मा गया। दोनों विधायकों के अगले कदम को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है। बहुजन समाज पार्टी ने देर रात तक इन विधायकों के खिलाफ कोई कार्रवाई भले ही नहीं की थी, पर इतना तय माना जा रहा है कि अब पार्टी में उनकी स्थिति सहज नहीं रह जाएगी। वैसे प्रतापपुर के विधायक मुज्तबा सिद्दीकी का यही कहना है कि फिलहाल वह और हाकिम बसपा में हैैं।
दैनिक जागरण से देर रात फोन पर हुई चर्चा में उन्होंने कहा कि पार्टी फोरम पर उन्होंने कुछ बातें रखनी चाही थी। जब नहीं सुनी गई तो ऐसे कदम उठाने के लिए विवश होना पड़ा। प्रतापपुर बसपा विधायक ने जोनल को-आर्डीनेटरों पर मनमानी का भी आरोप लगाया। कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए नए चेहरे खोजे जाने की बात की जा रही है, यह उनकी सेवाओं का सम्मान कैसे माना जा सकता है। मौका मिला तो बहन जी के सामने सारी बात रखी जाएगी।
इधर समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष योगेश यादव ताजे सियासी घटनाक्रम से उत्साहित नजर आए। अपनी प्रतिक्रिया में उन्होंने कहा कि जहां तक उनको जानकारी है हाकिम चंद बिंद व मुज्तबा सिद्दीकी समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैैं। जब मुज्तबा सिद्दीकी से हुई चर्चा का उल्लेख किया गया तो उन्होंने कहा कि अधिकृत तौर पर दोनों नेताओं के स्वागत इत्यादि की रणनीति पार्टी नेतृत्व से हरी झंडी मिलने पर बनाई जाएगी। सपा जिलाध्यक्ष का कहना था कि हाकिम चंद के आने से पार्टी की स्वीकार्यता बिंद समाज में और बढ़ेगी। दोनों ही विधायकों का जनाधार है, इसका फायदा संगठन को मिलेगा।