सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव इसी सप्ताह प्रयागराज आ सकते हैं, दो दिवसीय रथ यात्रा का होगा स्वागत
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव कब आएंगे इसे लेकर अभी तक शीर्ष नेतृत्व से कोई जानकारी नहीं दी गई है। बस इतना ही कहा गया कि जनवरी के प्रथम सप्ताह में राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रयागराज जा सकते हैं। इसे लेकर पार्टी के पदाधिकारियों ने तैयारी तेज कर दी है।
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का इसी सप्ताह प्रयागराज आगमन हो सकता है। हालांकि उनके यहां आने की तिथि अभी तक पार्टी के शीर्ष स्तर की तरफ से निर्धारित नहीं की गई है। हालांकि तीन, चार या पांच जनवरी को उनके आने की संभावना जताई जा रही है। समाजवादी विजय रथ यात्रा के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष यहां आएंगे। वह दो दिन तक जनपद की 12 विधान सभा क्षेत्रों का दौरा करेंगे।
समाजवादी विजय रथ यात्रा लेकर अखिलेश का होगा दो दिवसीय दौरा
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव विजय रथ यात्रा के साथ जब प्रयागराज जिले में प्रवेश करेंगे तो उसी दिन कई विधान सभा क्षेत्रों से होते हुए शहर की ओर आएंगे। रात्रि विश्राम यहां करने के बाद दूसरे दिन विजय रथ यात्रा को लेकर फिर निकलेंगे और विभिन्न विधान सभा क्षेत्रों से होते हुए देर शाम दूसरे जनपद के लिए निकल जाएंगे।
तिथि निर्धारित नहीं, पार्टी पदाधिकारी करने लगे तैयारी
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष कब आएंगे, इसे लेकर अभी तक शीर्ष नेतृत्व से कोई जानकारी नहीं दी गई है। बस, इतना ही कहा गया कि जनवरी के प्रथम सप्ताह में राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रयागराज जा सकते हैं। इसे लेकर पार्टी के पदाधिकारियों ने तैयारी तेज कर दी है।
अखिलेश के यात्रा रूट का बन रहा रोड मैप
सपा के जिलाध्यक्ष योगेश यादव के नेतृत्व में रोड मैप तैयार किया जा रहा है। शहर के साथ ही गंगापार और यमुनापार का निरीक्षण किया जा रहा है। यह देखा जा रहा है कि विजय रथ यात्रा को उन मार्गों से आगे बढ़ाया जाएगा, जहां सड़कों के ऊपर तार और पेड़ों की डालियां न हों। यातायात में कोई व्यवधान न खड़ा हो। विजय रथ यात्रा के दौरान कहां-कहां मंच तैयार किया जाएगा, इसे लेकर भी मंथन किया जा रहा है।
विजय रथ यात्रा को लेकर हर बिंदु पर हो रहा विमर्श
समाजवादी पार्टी के प्रयागराज जिलाध्यक्ष योगेश यादव का कहना है कि विजय रथ यात्रा को लेकर रोड मैप भी तैयार करना शुरू कर दिया गया है। सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर हर बिंदुओं पर चर्चा की जा रही है। तैयारी पूरी है, बस विजय रथ यात्रा का इंतजार है।