स्ट्रांग रूम की सुरक्षा को लेकर हंगामा, नेता भड़के
मुंडेरा मंडी में बिजली गुल होने पर कांग्रेस सपा और बसपा के नेता भड़के गए। काफी संख्या में नेता मुंडेरा मंडी पहुंच गए थे। शोर-शराबा शुरू किया तो बिजली की समस्या दूर की गई।
प्रयागराज, जेएनएन : मुंडेरा मंडी में बिजली की ट्रिपिंग के चलते स्ट्रांग रूम की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस, सपा और बसपा नेताओं ने मंगलवार रात हंगामा काटा। मुंडेरा मंडी पहुंचे नेताओं ने शोर-शराबा शुरू किया तो बिजली की समस्या दूर की गई।
लोड बढऩे के कारण मंडी के बाहर एरियल बंच कंडक्टर (एबीसी) से मंगलवार रात धुआं निकलने लगा। इसके कारण आपूर्ति ठप करा दी गई। इसकी जानकारी कांग्रेस, सपा और बसपा नेताओं को हुई तो कांग्रेस महानगर महासचिव हसीब अहमद, सपा के रवींद्र यादव और बसपा जिलाध्यक्ष आरके गौतम अपने समर्थकों के साथ मंडी पहुंच गए और वहां गेट पर हंगामा करने लगे। कुछ ही देर बाद इलाहाबाद से सपा प्रत्याशी राजेंद्र सिंह पटेल भी पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ पहुंच गए। उनका आरोप था कि सोमवार रात को भी बिजली का आना-जाना लगा रहा। इसके कारण ईवीएम की सुरक्षा पर खतरा है। अधिशासी अभियंता जीसी यादव ने बताया कि फौरन फाल्ट को दूर कराकर आपूर्ति बहाल करा दी गई थी। दूसरी ओर कांग्रेस, सपा और बसपा नेताओं का आरोप था कि उनके सामने ही मंडी की लाइट कट गई थी। सभी ने सरकार और प्रशासन पर धांधली का आरोप लगाया।
--
सपा को गड़बड़ी की आशंका, गिनती पर रहेगी पैनी नजर
जागरण संवाददाता, प्रयागराज : सपा नेताओं को वोटों की गिनती के दौरान गड़बड़ी होने की आशंका है। इसके मद्देनजर सपा व बसपा के कार्यकर्ता मुंडेरा सब्जी मंडी पर रातभर मुस्तैद रहेंगे। बुधवार को सपा के जिला कार्यालय पर सपा, बसपा नेताओं की समीक्षा बैठक हुई। इसमें फूलपुर से प्रत्याशी पंधारी यादव एवं इलाहाबाद संसदीय क्षेत्र से प्रत्याशी राजेंद्र सिंह पटेल भी मौजूद रहे।
प्रदेश प्रवक्ता केके श्रीवास्तव ने गणना अभीकर्ताओं को उनकी टेबल पर मतों की गिनती से जुड़ी हर जानकारी दी। पंधारी यादव व राजेंद्र सिंह पटेल मॉक पोल और मतदान के दौरान खराब हुई ईवीएम की गणना में विशेष ध्यान देने पर जोर दिया। पूर्व मंत्री हीरामणि पटेल, पूर्व सांसद धर्मराज पटेल, पूर्व विधायक अंसार अहमद, सत्यवीर मुन्ना, विजमा यादव ने कहा कि अधिकारी सत्तापक्ष के नेताओं के दबाव में काम कर रहे हैं। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष कृष्णमूर्ति सिंह एवं संचालन सै. इफ्तिखार हुसैन ने किया। बैठक में प्रदेश प्रवक्ता ऋचा सिंह, दानबहादुर मधुर, डॉ. अमर बहादुर यादव, बसपा जिलाध्यक्ष आरके गौतम, रवींद्र यादव, द्वारिका कुशवाहा, संजीव यादव, विक्रम सिंह पटेल, महबूब उस्मानी मौजूद रहे।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप