जिले में पंचायत उपचुनाव के नतीजे घोषित किए गए Prayagraj News
मऊआइमा के ग्राम पंचायत वृसिंहपुर अल्लीपुर की ग्राम प्रधान सांवरिया देवी के आकस्मिक निधन के बाद हुए उपचुनाव में मृतका की पुत्रवधू सुनीता देवी ग्राम प्रधान निर्वाचित हुई।
प्रयागराज, जेएनएन : जिले में प्रधान के छह पदों पर हुए उप चुनाव के नतीजे सोमवार को घोषित हो गए। मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई। अपराह्न दो बजे परिणाम आ गए। गिनती के दौरान कई स्थानों पर मतगणना एजेंटों के बीच नोकझोंक भी हुई।
मऊआइमा में सुनीता देवी निर्वाचित
मऊआइमा के ग्राम पंचायत वृसिंहपुर अल्लीपुर की ग्राम प्रधान सांवरिया देवी के आकस्मिक निधन के बाद हुए उपचुनाव में मृतका की पुत्रवधू सुनीता देवी ग्राम प्रधान निर्वाचित हुई। सुनीता देवी पत्नी विजय कुमार को 461 मत व दूसरे स्थान पर रहीं सुमन देवी पत्नी राजकुमार को 355 मत प्राप्त हुए। जबकि 51 मत अवैध घोषित किए गए। निर्वाचन अधिकारी सीडीपीओ विमल चौबे व एडीओ पंचायत गायत्री प्रसाद मिश्रा ने निर्वाचित उम्मीदवार सुनीता देवी को प्रमाणपत्र दिया। जीत की घोषणा होते ही विजयी प्रत्याशी के समर्थकों ने उन्हें फूलमाला से लाद दिया।
बहरिया में सरिता देवी को मिली जीत
बहरिया के बलकरनपुर गांव में रिक्त हुए ग्राम प्रधान पद के उप चुनाव में सरिता पटेल ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी विनय कुमार को 29 मतों से पराजित किया। सरिता को 584 तथा विनय को 555 मत प्राप्त हुए। तीसरे स्थान पर रहे मो.हकीम को 138 मत मिले। 52 मत अवैध पाए गए। चुनाव अधिकारी हरिश्चंद्र गिरी ने प्रमाणपत्र दिया।
कौंधियारा में उर्मिला को मिला जीत का ताज
कौंधियारा के माही गांव में महिला प्रधान की मौत के बाद हुए उपचुनाव में पूर्व प्रधान की बहू को 118 मतों से पराजित कर उर्मिला देवी प्रधान बनीं। यहां प्रधान रहीं जयकली पत्नी मुन्नी लाल की मृत्यु हो गई थी। पांच महिला प्रत्याशी चुनाव में थीं। उर्मिला पत्नी मातामणि एवं पूर्व प्रधान स्व.जय कली की बहू सुषमा पत्नी महेंद्र प्रसाद के बीच मुख्य मुकाबला रहा। चुनाव में कुल 990 मत पड़े, जिसमें 12 मत अवैध पाए गए। उर्मिला को 448 व सुषमा को 330 मत मिले।
मेजा में मुन्ना जीते
मेजा के इटवा खुर्द में मुन्ना को 430 तो सैफुलन्निशा को 360 मत प्राप्त हुए। मुन्ना विजयी घोषित किए गए। प्रतापपुर के छतौना में अरुण कुमार को 1078, धर्मराज को 700 व सुखलाल को 582 मत मिले। अरुण को विजयी घोषित किया गया। सैदाबाद के ढुढेहरी में 573 मत पाकर शिव कुमार विजयी हुई। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी कमलेश को 423 वोट मिले।
बोले सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश कुमार तिवारी ने बताया कि ग्राम पंचायत सदस्य के 72 पदों में से 62 पद पर निर्विरोध निर्वाचन हो गया। दस पदों पर किसी ने उम्मीदवारी नहीं जताई। इसी तरह बीडीसी सदस्य के 10 पदों पर उप चुनाव के लिए अधिसूचना जारी की गई थी, जिसमें सभी पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हो गया।