पानी बचाने के साथ ही पौधे लगाने का लिया संकल्प Prayagraj News
दैनिक जागरण की आधा गिलास पानी मुहिम को लेकर लोगों में उत्साह है। पानी बचाने को लोग खुद आगे आ रहे हैं। जल संचय को लेकर अभियान चल रहा है।
प्रयागराज, जेएनएन। दैनिक जागरण की 'आधा गिलास पानी' मुहिम की चर्चा शहर में हर जगह हो रही है। जागरण की मुहिम से लोग प्रेरित हुए हैं। खुद तो पानी बचा ही रहे हैं, दूसरों को भी प्रेरित कर रहे हैं। इसके तहत न्यू कटरा में पार्षद अजय यादव ने वार्ड के लोगों को पानी बचाने के लिए जागरूक किया। एक-एक बूंद पानी का महत्व समझाया। लोगों को संकल्प दिलाया कि अब वह जल संचय जरूर करेंगे। बारिश में ज्यादा-से-ज्यादा पौधे लगाएंगे।
लोगों की बदली सोच और बचाने लगे पानी
पार्षद अजय यादव ने कहा कि दैनिक जागरण की आधा गिलास पानी मुहिम शुरुआत में लोगों की समझ में नहीं आई लेकिन अब धीरे-धीरे शहर के लोग जाग गए हैं। लोगों की सोच बदली है। लोग पानी बचाने लगे हैं। खासकर पीने के लिए आधा गिलास पानी ही ले रहे हैं। ऐसा जागरण की मुहिम से ही यह संभव हो पाया है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार जल स्त्रोतों का दोहन हो रहा है, उसके लिए जरूरी है जल संचय हो। लोगों को संकल्प दिलाया कि वह जल संचय करेंगे। दूसरे लोगों को भी प्रेरित करेंगे। लोगों से दैनिक जागरण की मुहिम से भी जुडऩे की अपील करें।
आदेश के बाद भी कार्रवाई नहीं
शहर में चल रहे आरओ प्लांट पर हर रोज हजारों लीटर पानी की बर्बादी हो रही है। नगर निगम की कार्यकारिणी समिति की बैठक में भी आरओ प्लांट को लेकर मुद्दा उठ चुका है। निगम की टीम द्वारा सख्ती न दिखाने के कारण आरओ प्लांट में रोजाना हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। इसको लेकर लोगों में आक्रोश भी है।