प्रयागराज में नए यमुना पुल की मरम्मत आज से, ट्रैफिक जाम से बचाव के लिए नहीं रोका जाएगा यातायात
नए यमुना पुल के क्षतिग्रस्त ज्वाइंटर की आज यानी बुधवार से मरम्मत शुरू हाेगी। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) और यातायात पुलिस के अधिकारियों ने मंगलवार को कार्यस्थल का निरीक्षण किया। राहत वाली बात यह है कि इस दौरान यातायात बाधित नहीं होगा।

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। नए यमुना पुल के क्षतिग्रस्त ज्वाइंटर की आज यानी बुधवार से मरम्मत शुरू हाेगी। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) और यातायात पुलिस के अधिकारियों ने मंगलवार को कार्यस्थल का निरीक्षण किया। राहत वाली बात यह है कि मरम्मत का कार्य चार माह तक चलेगा और इस दौरान यातायात बाधित नहीं होगा। प्रयागराज नगर से अटल विहारी बाजपेयी नगर (नैनी) की ओर जाने वाली गाड़ियों को कार्यस्थल के करीब तीन मीटर दूर से पास कराया जाएगा। मरम्मत करने वाली टीम के इंजीनियरों की जरूरत के अनुसार समय-समय पर भारी वाहनों को पुल पर जाने से रोका जा सकता है।
पुल बनने के 18 साल बाद रिपेयरिंग किया जाना होता है जरूरी

यमुना नदी पर पुल का निर्माण विदेशी तकनीक से 2004 में पूरा होने के बाद यातायात चालू किया गया था। प्रविधान के अनुसार निर्माण के 18 साल बाद मरम्मत होना चाहिए, 2022 के मध्य में इसकी शुरुआत होनी थी लेकिन एनएचएआइ लगातार इस काम को टाल रहा था। इस बीच जुलाई में मनकामेश्वर मंदिर की ओर जाने वाली सड़क के समीप पुल का ज्वाइंटर भी क्षतिग्रस्त हो गया। खतरा हालांकि इससे कम था इसलिए यातायात चालू रखा गया।
पुल के मरम्मत के लिए फ्रांस की कंपनी को टेंडर
एनएचएआइ मुख्यालय से इस पुल के मरम्मत के लिए फ्रांस की कंपनी को टेंडर दिया गया है और इसके लिए 14 करोड़ रुपये पहले ही स्वीकृत हो चुके हैं। एनएचएआइ के प्रोजेक्ट निदेशक पंकज मिश्रा ने बताया कि मरम्मत बुधवार सुबह आठ बजे से शुरू हो जाएगाी। जिला प्रशासन और यातायात पुलिस से मंजूरी मिल गई है।कहा कि पुल पर गाड़ियों का आवागमन नहीं रोका जाएगा। पुल की चौड़ाई के आधे भाग तक ही गाड़ियां प्रतिबंधित रहेंगी, बाकी आधे हिस्से में यातायात जारी रहेगा। बताया कि मरम्मत का कार्य पूरा होने में चार महीने लग सकते हैं। बताया कि सबसे पहले ज्वाइंटर के समीप लगे गार्डर और अन्य लौह सामग्रियों में सुधार किया जाएगा, धीरे-धीरे 1200 मीटर लंबे पुल के चारों ज्वाइंटर बदले जाएंगे।
ट्रैफिक इंस्पेक्टर ने बताया- नहीं रुकेगा यातायात
यातायात पुलिस के निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि पुल पर गाड़ियों का आवागमन नहीं रोका जाएगा। मरम्मत करने वाली टीम जब भी जरूरत बताएगी तो कुछ घंटों के लिए भारी वाहनों की आवाजाही को रोकेंगे। हालांकि दुपहिया वाहन चलते रहेंगे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।