Raju Murder Case: आखिर किसने कत्ल से पहले एकाउंट में डाले थे 6 लाख रुपये, तफ्तीश कर रही पुलिस
Raju Murder Case पुलिस का कहना है कि अब तक की छानबीन में पता चला है कि राजू का अपने दोस्त की परिचित महिला से अवैध संबंध था। उसे समझाया गया था कि महिला से दूरी बना ले। दोस्त ने सुनियोजित तरीके से हत्या की साजिश रची।
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। प्रयागराज में सरायइनायत थाना क्षेत्र के सुदनीपुर गांव में किराए पर रहने वाले राजू हत्याकांड की तफ्तीश में जुटी पुलिस को चौंकाने वाली जानकारी मिली है। पता चला है कि कत्ल से कुछ दिन पहले राजू के बैंक खाते में छह लाख रुपये डाले गए थे। राजू का एकाउंट कीडगंज के बैरहना इलाके में स्थित एक बैंक में था। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि राजू के खाते में किसने और क्यों इतनी बड़ी रकम डाली थी। यूं तो राजू एक किराना दुकान पर काम करता था। तीन माह से वह काम पर नहीं जा रहा था। किराए के कमरे में रहता था। पुलिस ने भले ही कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है, लेकिन एकाउंट में पैसा डालने वाले के बारे में पता लगाया जा रहा है।
राजू का दोस्त की परिचित महिला से अवैध संबंध था!
पुलिस का कहना है कि अब तक की छानबीन में पता चला है कि राजू का अपने दोस्त की परिचित महिला के साथ अवैध संबंध था। इसकी जानकारी होने पर उसे समझाया गया था कि महिला से दूरी बना ले। हालांकि वह नहीं माना। तब दोस्त ने सुनियोजित तरीके से हत्या की साजिश रची। इसके बाद राजू को शराब पिलाया और मुर्गा खिलाया गया। जब वह नशे में आ गया तो धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। इतना ही नहीं, उसका गुप्तांग भी काट डाला गया था। पूछताछ में यह भी जानकारी मिली है कि राजू अपनी कमाई का काफी हिस्सा उस महिला पर खर्च करता था। इसके चलते महिला का अपने पति से संबंध खराब हो रहे थे।
अभियुक्त का एक साथी पकड़ा गया
फिलहाल सरायइनायत पुलिस सैदाबाद, हंडिया समेत कई गांव में छापेमारी कर रही है। इस दौरान अभियुक्त के एक साथी को पकड़ लिया गया और फिर थाने लाकर पूछताछ होती रही। एसपी गंगापार धवल जायसवाल का कहना है कि शुक्रवार तक सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।