नहीं आए रेल राज्य मंत्री तो अफसरों ने ली राहत की सांस
रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा को प्रतापगढ़ आना था लेकिन प्रोग्राम कैंसिल हो गया। इससे काम जहां के तहां रुक गए। उन्हें कई कार्यों का शिलान्यास करना था।
प्रयागराज : रेलराज्य मंत्री का शुक्रवार को प्रतापगढ़ दौरा रद हो गया। इससे जहां विभागीय अफसरों ने राहत की सांस ली, वहीं जो काम चल रहे थे, वह ठप हो गए।
रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा को नौ नवंबर को प्रतापगढ़ जंक्शन आना था। 10 दिन पहले इसकी सूचना आ गई थी। कार्यक्रम भी विभाग ने जारी कर दिया था। उनको गोंडा में एक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद सड़क मार्ग से शुक्रवार की शाम चार बजे प्रतापगढ़ आना था। इसके लिए विभाग जोरदार तैयारी कर रहा था। रेल मार्ग पर विद्युतीकरण का कार्य तेजी पर आ गया था। पिरथीगंज में विभाग का उपकेंद्र काम करना शुरू कर दिया था। यही नहीं एडीआरएम समेत कई विभागीय अफसर जिले पर कैंप कर रहे थे।
रेल मंत्री को रामलीला मैदान समेत तीन स्थानों पर बने रेलवे अंडर पास का उद्घाटन करना था। वाङ्क्षशग लाइन की शुरुआत होनी थी। नए शेड और आधुनिक सिग्नल सिस्टम की शुरुआत होनी थी। मुख्य गेट भी बनाया गया था। फुट ओवर ब्रिज भी बन रहा था। गुरुवार की देर शाम रेल मंत्री का कार्यक्रम रद होने की भनक विभाग को लगी तो अफसरों ने राहत की सांस ली।
जंक्शन पर जो काम चल रहे थे, उनमें से अधिकांश बंद हो गए और कुछ की गति धीमी हो गई। फुट ओवर ब्रिज पर शुक्रवार को दोपहर नजर डाली गई थी तो वह अधूरा ही दिखा। इस बारे में स्टेशन अधीक्षक त्रिभुवन मिश्र से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मंत्री के कार्यक्रम के रद होने की अधिकृत सूचना शुक्रवार को मिली। काम बंद नहीं हुए हैं। अवकाश के कारण कुछ दिक्कत जरूर आई है।