प्रयागराज में बनने से पहले ही दरक गया रेलवे ओवर ब्रिज
करीब 1050 मीटर लंबे इस रेलवे ओवर ब्रिज के बीच में लगभग 24 मीटर की दरार आई है। आरओबी का बजट भी करोड़ों रुपये है।
प्रयागराज : कुंभ के बजट से बन रहा नैनी रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) अचानक दरक गया। निर्माणाधीन पुल में करीब 24 फीट की दरार आ गई है। इसकी जानकारी होने होते ही निर्माण कार्य रोक दिया गया है। इस आरओबी का कार्य कुंभ से पहले पूरा होना है, लेकिन उससे पहले ही आई इस दरार से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।
कहा जा रहा है कि बुधवार दोपहर कुछ कर्मचारी आरओबी पर सरिया समेत अन्य भारी सामान चढ़ा रहे थे। तभी वजन ज्यादा होने के कारण उसमें दरार आ गई। कर्मचारियों की नजर पड़ी तो दरार देख दंग रह गए। जानकारी सेतु निगम के अधिकारियों तक भी पहुंच गई। इसके बाद निर्माण कार्य को रोक दिया गया।
करीब 1050 मीटर लंबे इस रेलवे ओवर ब्रिज के बीच में लगभग 24 मीटर की दरार आई है। आरओबी का बजट भी करोड़ों रुपये है। इस आरओबी का कार्य कुंभ से पहले पूरा होना है, लेकिन उससे पहले ही आई इस दरार से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि इस बारे में सेतु निगम के मुख्य परियोजना प्रबंधक सतीश कुमार का कहना है कि भारी सामान चढ़ाते वक्त ब्रिज चटक गया है। कोई गंभीर बात नहीं है। इसे जल्द ही ठीक कर लिया जाएगा। काम के दौरान ऐसा अक्सर होता है। कुंभ के कार्यो में मानकों की अनदेखी पर गरजे कांग्रेसी :
कुंभ के मद्देनजर शहर में कराए जा रहे विकास कार्यो में मानकों की अनदेखी, भ्रष्टाचार, लेटलतीफी व शहरियों को होने वाली परेशानियों के खिलाफ शहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया।
शहर कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष नफीस अनवर ने कहा कि शहर में कुंभ पर्व में अब कुछ दिन ही शेष हैं। ऐसे में विकास कार्यो में तेजी नहीं आ पा रही है। हर ओर धूल का गुबार है। सांस लेना मुश्किल हो रहा है। दमा के मरीज बढ़ रहे हैं। विकास कार्य में मानकों की भी अनदेखी की जा रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसीएम तृतीय को सौंपे ज्ञापन में एक उच्च स्तरीय जांच कमेटी के गठन की मांग की है। इस दौरान मुकुंद तिवारी, जितेंद्र तिवारी, जावेद उर्फी, जयशंकर मिश्रा, सुशील कुमार, राकेश श्रीवास्तव, राजकुमार शुक्ला, इशरत अली चांद, चमन रावत, रेखा सिंह, रवी राघवेंद्र, राजेश, परवीन बानो आदि मौजूद रहे।