आज शाम को वंदे भारत के साथ आएंगे रेलमंत्री और रेल राज्यमंत्री
देश की पहली सेमी हाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत नई दिल्ली से चल चुकी है। वह कानपुर होते हुए इलाहाबाद जंक्शन पर शाम को पहुंचेगी। ट्रेन के साथ रेलमंत्री व रेल राज्यमंत्री भी आ रहे हैं।
प्रयागराज : शुक्रवार से नई दिल्ली से वाराणसी के बीच शुरू देश की पहली सेमी हाईस्पीड ट्रेन शुक्रवार शाम को इलाहाबाद जंक्शन पर आएगी। स्पेशल ट्रेन को सुबह हरी झंडी दिखाकर दिल्ली से रवाना किया गया। वंदे भारत एक्सप्रेस स्पेशल ट्रेन के साथ रेलमंत्री पीयूष गोयल, रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा वाराणसी तक जाएंगे।
कानपुर, इलाहाबाद और वाराणसी जंक्शन पर होंगे समारोह
विशेष गाड़ी दोपहर में 3.05 बजे कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर पहुंचेगी। इस उपलक्ष्य में वहां आयोजित कार्यक्रम को रेलमंत्री पीयूष गोयल, रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा संबोधित करेंगे। ट्रेन वहां से 3.45 बजे रवाना होकर 5.50 बजे इलाहाबाद जंक्शन पहुंचेगी। यहां पर भी आयोजित समारोह को दोनों मंत्री संबोधित करेंगे। ट्रेन यहां से 6.30 बजे रवाना होकर रात में 8.30 बजे वाराणसी पहुंचेगी। वाराणसी में भी कार्यक्रम होगा।
वापसी में शनिवार को गाड़ी सुबह आठ बजे इलाहाबाद जंक्शन पहुंचेगी
16 फरवरी को गाड़ी सुबह 6 बजे वाराणसी से प्रस्थान कर इलाहाबाद जंक्शन पर सुबह 8 बजे पहुंचेगी। दो मिनट के ठहराव लेकर रवाना होगी। कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर 9.55 बजे और दोपहर में 2.25 बजे नई दिल्ली स्टेशन पहुंचेगी। 17 फरवरी से ट्रेन का नियमित संचालन होगा। गाड़ी सोमवार और गुरुवार को छोड़कर बाकी पांच दिन चलेगी। वंदे भारत एक्सप्रेस सुबह 6 बजे दिल्ली से चलकर 10.18 बजे कानपुर, दोपहर में 12.23 बजे इलाहाबाद जंक्शन और दो बजे वाराणसी स्टेशन पहुंचेगी। दो-दो मिनट का स्टापेज कानपुर और इलाहाबाद में है। वाराणसी से गाड़ी दोपहर में 3 बजे चलेगी। इलाहाबाद जंक्शन पर शाम को 4.35 बजे, कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर शाम को 6.30 बजे और नई दिल्ली रात में 11 बजे पहुंचेगी। जाते वक्त भी इलाहाबाद जंक्शन और कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर दो मिनट रुकेगी।