प्रतापगढ़ में सिपाहियों पर हमले के आरोपितों की तलाश में लगी हैं पुलिस की तीन टीमें, गांव में दहशत
सिपाहियों से मारपीट करने के आरोपितों की गिरफ्तारी व घटना में शामिल रहे अज्ञात लोगों को ङ्क्षचहित करने के लिए तीन टीमें बनाई गई है। सीओ सिटी अभय पांडेय ने बताया कि एसपी के निर्देश पर तीन टीमें गठित की गई हैं।
प्रयागराज, जेएनएन। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में सिपाहियों से हुई मारपीट के बाद पुलिस की बुधवार की रात ताबड़तोड़ दी गई दबिश से मदाफरपुर और अतरसंड गांव में लोगों में दहशत बरकरार है। पुलिस की गिरफ्तारी के डर से अधिकांश पुरुष सदस्य घर से फरार हैं। शुक्रवार को भी गांव में सन्नाटा पसरा हुआ था। घर पर सिर्फ बच्चे व महिलाएं ही दिखीं। उधर, पुलिस ने सात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उन्हें छोड़ दिया।
यह था मामला
कोहड़ौर थाने के सिपाही रवि सिंह और राहुल भरद्वाज बुधवार की रात मदाफरपुर बाजार में चेकिंग कर रहे थे। आरोप है कि नशे में धुत रहे दोनों सिपाही रमेश तिवारी पुत्र सीताराम तिवारी के घर में घुस गए थे और उनकी पत्नी से छेड़छाड़ की थी। शोर मचाने पर दौड़े ग्रामीणों ने दोनों सिपाहियों की पिटाई कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने पीडि़त सिपाही की तहरीर पर रमेश तिवारी, मनोज गुप्ता सहित 12 नामजद व 10 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने आरोपित रमेश तिवारी, संजय तिवारी, विनोद यादव, मनोज गुप्ता को गिरफ्तार करके गुरुवार को जेल भेज दिया था।
पुलिस की दबिश से गांव में पसरा है सन्नाटा
पुलिस की बुधवार की रात ताबड़तोड़ दी गई दबिश से अतरसंड गांव की ब्राह्मण बस्ती में सन्नाटा पसरा हुआ है। अधिकांश पुरुष घर से फरार हैं। घर पर सिर्फ महिलाएं व बच्चे हैं। उनके चेहरे पर पुलिस का खौफ साफ दिख रहा है। गुरुवार की रात पुलिस ने अन्य आरोपियों की तलाश में मदाफरपुर व अतरसंड गांव में दर्जन भर घरों में दबिश दी। इस दौरान अतरसंड गांव से सात लोगों को पकड़कर कोहड़ौर थाने ले आई। यहां पूछताछ करने के बाद शुक्रवार को सुबह उन्हें छोड़ दिया।
शुक्रवार को भी मदाफरपुर व अतरसंड गांव में सन्नाटा पसरा दिखा। घरों पर सिर्फ बच्चे व महिलाएं ही थीं। रमेश तिवारी के मदाफरपुर घर पर ताला लटक रहा था। परिवार के सभी सदस्य ताला बंद करके कहीं चले गए हैं। कोहंडौर एसओ बच्चालाल प्रसाद ने बताया कि गुरुवार की रात में सात लोगों को हिरासत में लेकर थाने में पूछताछ की गई और फिर उन्हें छोड़ दिया गया। आरोपित बनाई गई लोगों की गिरफ्तार के लिए दबिश दी जा रही है।
आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित
सिपाहियों से मारपीट करने के आरोपितों की गिरफ्तारी व घटना में शामिल रहे अज्ञात लोगों को ङ्क्षचहित करने के लिए तीन टीमें बनाई गई है। टीम का नेतृत्व कोहंडौर एसओ बच्चालाल प्रसाद कर रहे हैं। सीओ सिटी अभय पांडेय ने बताया कि एसपी के निर्देश पर तीन टीमें गठित की गई हैं। सिपाहियों के साथ मारपीट करने वाले को बख्शा नहीं जाएगा। इसके अलावा ग्रामीणों की शिकायत की भी जांच की जा रही है।