यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 17, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
प्रयागराज में शिक्षक भर्ती परीक्षा में पेपर लीक मामला, अब पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल
शिक्षक भर्ती परीक्षा में पेपर लीक के मामले में प्रिंसिपल का बेटा अनुग्रह उर्फ छोटू बेटी आकांक्षा व साल्वर वीरेंद्र ...और पढ़ें

प्रयागराज, जागरण संवाददाता। एक ओर प्रतियोगी परीक्षाओं में जहां साल्वर गैंग के सदस्य लगातार सेंध लगा रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ पुलिस इनसे जुड़े लोगों पर कार्रवाई करने में हीलाहवाली कर रही है। ऐसा ही कुछ हाल शिक्षक भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले में हो रहा है। चौंकाने वाली बात यह है कि पेपर लीक में आरोपित डा. केएन काटजू इंटर कालेज का प्रिसिपल राम नयन द्विवेदी जमानत पर जेल से बाहर आ गया है। हालांकि वाइस प्रिंसिपल आकाश खरे की अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
एसटीएफ व पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
इतना ही नहीं शिक्षक भर्ती परीक्षा में पेपर लीक के मामले में प्रिंसिपल का बेटा अनुग्रह उर्फ छोटू, बेटी आकांक्षा व साल्वर वीरेंद्र भी अभी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। इस कारण प्रयागराज की कीडगंज पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
18 अक्टूबर को हुई परीक्षा में हुई थी गिरफ्तारी
दरअसल, 18 अक्टूबर को वित्तीय सहायता प्राप्त जूनियर हाईस्कूल में प्रिंसिपल व सहायक अध्यापक पद की लिखित परीक्षा हुई थी। इसी दौरान एसटीएफ ने कीडगंज स्थित डा. केएन काटजू इंटर कालेज में दबिश देकर धूमनगंज निवासी प्रिंसिपल राम नयन और अध्यापक अशोक तिवारी को गिरफ्तार किया था। दावा किया गया था कि भारत स्काउट गाइड एंड इंटर कालेज में परीक्षा दे रही अपनी बेटी को उत्तीर्ण कराने के लिए प्रिंसिपल ने वाइस प्रिंसिपल और अध्यापक की मदद से पेपर लीक किया था। अध्यापक के मोबाइल में पेपर भी मिला था। तब दो आरोपितों को गिरफ्तार करते हुए बाकी को वांटेड किया गया था। हालांकि करीब एक माह के बाद भी वांछित अभियुक्तों की अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी। इंस्पेक्टर कीडगंज रमेश चौबे का यही कहना है कि तलाश चल रही है।
आकांक्षा के पास नहीं मिली थी चिप
पुलिस का कहना है कि भारत स्काउट एंड गाइड इंटर कालेज के प्रिंसिपल ने लिखकर दिया है कि परीक्षा के दौरान आकांंक्षा के पास से चिप या दूसरा इलेक्ट्रानिक उपकरण नहीं मिला था। इसको लेकर यह भी सवाल उठ रहा है कि जब साल्वर ने पेपर हल कर लिया था तो इलेक्ट्रानिक उपकरण की जरूरत क्या थी। अब पुलिस परीक्षा के परिणाम आने का भी इंतजार कर रही है।
