पुरोहित की गोली मारकर हत्या करने वाले पुलिस पकड़ से दूर Prayagraj News
थरवई के कोड़सर गांव में गोली मारकर पुरोहित की हत्या कर दी गई थी। आरोपित अभी पुलिस पकड़ से दूर हैं। उनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
प्रयागराज, जेएनएन। थरवई के कोड़सर गांव में सोमवार की शाम पुरोहित की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वहीं अपराधियों ने पुरोहित के चाचा को तमंचे के बट से वार करके जख्मी कर दिया था। आरोपित अभी फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है लेकिन वह अभी के हाथ नहीं आए।
मटर तोड़ने के विवाद में पुरोहित की हत्या कर दी गई थी
मटर तोडऩे के विवाद में सोमवार शाम 45 वर्षीय पुरोहित अवधेश मिश्रा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं तमंचे के बट से हमलाकर पुरोहित के 70 वर्षीय चाचा सिकंदर को जख्मी कर दिया। थरवई थाना क्षेत्र के कोड़सर गांव में वारदात से सनसनी फैल गई। पुलिस हत्यारोपित बचऊ उर्फ गुंडा पासी व सुल्तान समेत अन्य की तलाश कर रही है। अवधेश की मौत से परिवार में मातम छाया हुआ है। कोड़सर गांव निवासी रामकिशोर मिश्रा के दो बेटों में छोटे अवधेश थे। वह पुरोहित थे। सोमवार की शाम करीब चार बजे अवधेश के परिवार की महिलाएं और लड़कियां अपने खेत में मटर तोड़ रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान शराब पीकर वहां आए बचऊ उर्फ गुंडा ने अपने साथियों के साथ मटर तोड़ लिया। तब लड़कियों ने मना किया तो उनसे अभद्रता करने लगा। विरोध पर वह अवधेश और उनके चाचा से मारपीट करने लगे। शोर शराबा सुन आसपास मौजूद गांव के तमाम युवक वहां पहुंच गए और हमलावरों को दौड़ा लिया।
ग्रामीणों के दौड़ाने पर भागे बदमाश असलहा लेकर लौटे
उस समय तो गुंडा और उसका साथी चले गए लेकिन कुछ देर बाद दोबारा असलहा लेकर साथियों संग खेत पर आ गए और गाली-गलौज करने लगे। मना करने पर अवधेश और उनके चाचा पर हमला करते हुए फायरिंग कर दी। सिर और सीने में गोली लगने पर अवधेश जमीन पर गिर पड़े तो हमलावर असलहा लहराते हुए भाग निकले। वहीं रोकने पहुंचे चाचा को तमंचे के बट से वारकर जख्मी कर दिया।
आरोपित बचऊ अपने रिश्तेदारी में आया था
खबर पाकर थानाध्यक्ष थरवई भुवनेश चौबे, सीओ फूलपुर समेत कई थाने की फोर्स मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से जख्मी पुरोहित को पहले फाफामऊ और फिर स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इससे परिवार में मातम छा गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि हमले में अवधेश के चाचा को मामूली चोट आई है। आरोपित बचऊ फाफामऊ सोरांव का मूल निवासी है। वह मातादीन का पूरा गांव में रहने वाले अपने रिश्तेदार सुल्तान के घर आया था। तलाश में दबिश दी जा रही है।
बोले एसपी गंगापार
एसपी गंगापार एनके सिंह मटर तोडऩे को लेकर हुए झगड़े में गोली मारकर हत्या की गई है। आरोपित घर छोड़कर फरार हैं। गिरफ्तारी के लिए टीमें लगाई गई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।