CAA के समर्थन में भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया जनसंपर्क, मिस्ड कॉल भी कराया Prayagraj News
भाजपा के महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने कहा कि धर्म के आधार पर भारत के विभाजन का दंश झेल रहे अगणित परिवारों को सीएए से नया जीवन मिलेगा।
प्रयागराज, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी की ओर से नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के समर्थन में मुट्ठीगंज और इलाहाबाद जंक्शन के समीप के क्षेत्रों में विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान लोगों से सीएए के समर्थन में मिस्ड कॉल भी कराया गया। साथ ही सीएए को लेकर फैलाई जा रही भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास भी किया।
अगणित परिवारों को सीएए से नया जीवन मिलेगा : भाजपा महानगर अध्यक्ष
भाजपा के महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने कहा कि धर्म के आधार पर भारत के विभाजन का दंश झेल रहे अगणित परिवारों को सीएए से नया जीवन मिलेगा। उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून धार्मिक आधार पर पीडि़त तीनों पड़ोसी देशों पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान के अल्पसंख्यक समाज के जीवन में आशा की नई किरण लेकर आया है। इस निर्णय से हर भारतीय का मस्तक ऊंचा हुआ है। उन्होंने नागरिकता संशोधन कानून का विरोध करने वालों को संविधान विरोधी बताया। इस दौरान पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष अवधेश गुप्ता और मीडिया प्रभारी पवन श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।
धैर्य के साथ आंदोलन को बढ़ाएं आगे : गौहर रजा
रोशन बाग के मंसूर अली पार्क में सीएए, एनआरसी और एनपीआर के खिलाफ आंदोलन चलाया जा रहा है। इसमें महिलाओं की काफी भीड़ जमा हो रही है। इस अवसर पर दिल्ली के सामाजिक कार्यकर्ता और शायर गौहर रजा ने धैर्य से गांधीजी के मंत्र उपहास, उपेक्षा, तिरस्कार, दमन को बर्दाश्त कर सम्मान से आगे बढऩे की बात कही। उन्होंने कहा कि हक की लड़ाई अब अंतिम दौर में पहुंच चुकी है। पार्क में महिलाओं ने शाहीन बाग और जामिया में फायर करने वाले युवकों को भटका हुआ बताकर उनके लिए दुआ की।