प्रतापगढ़ और कौशांबी में शव रख पुलिस के विरोध में प्रदर्शन किया Prayagraj News
प्रतापगढ़ में कुएं में किशोरी का शव मिला था। वहीं कौशांबी में सड़क किनारे युवक का शव मिला था। दोनों के शव के साथ लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रतापगढ़ और कौशांबी जनपदों में शनिवार को दो मृतकों के परिजनों ने शव रखकर प्रदर्शन व रास्ताजाम किया। प्रतापगढ़ में हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज न करने के विरोध में कलेक्ट्रेट में किशोरी का शव रख प्रदर्शन किया गया। वहीं कौशांबी में युवक की हत्या को पुलिस द्वारा सड़क हादसा कहने से आक्रोशित लोगों ने महेवा मूरतगंज हाईवे पर रास्ता जाम कर दिया। दोनों की जगह पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर आश्वासन देकर मामला शांत कराया।
गायब किशोरी का कुएं में मिला था शव
प्रतापगढ़ जनपद में जेठवारा थाना क्षेत्र के सबलगढ़ डेरवा निवासी सत्येंद्र सरोज की 17 वर्षीय बेटी नेहा दो मार्च को अचानक घर से गायब हो गई थी। परिवार के लोग उसकी खोजबीन कर रहे थे। इसी बीच चार मार्च की सुबह उसका शव घर से करीब एक किमी आगे सुनसान जगह पर काम सिंह के कुएं में उतराया हुआ मिला। पता चला तो परिवार के लोगों के साथ वहां सैकड़ों की भीड़ जुट गई। इसी बीच सूचना पाकर पुलिस भी पहुंची। कुएं से बाहर निकालने पर पता चला कि वह नेहा ही है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की
आक्रोशित स्वजनों और ग्रामीणों ने हत्या का आरोप लगाते हुए गुरुवार को डेरवा में जाम लगाकर प्रदर्शन किया था। इस मामले में पुलिस ने पांच लोगों पर आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मुकदमा दर्ज किया है। परिजनों ने हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर शनिवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। वहां पहुंचे अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया तब जाकर आक्रोश शांत हुआ।
कौशांबी में युवक की हत्या कर फेंका शव, मासूम बेटे ने खोला राज
कौशांबी जनपद में मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार की सुबह युवक की लाश कोल्ड स्टोरेज के समीप सड़क किनारे मिली। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया। युवक की शिनाख्त कराने के बाद परिवार वालों को जानकारी दी और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। 11 वर्षीय बेटे ने अपनी मां व गांव के एक युवक समेत तीन नकाबपोश लोगों पर हत्या का आरोप लगाया।
महेवा-मूरतगंज मार्ग पर रख रास्जाजाम कर दिया
पुलिस ने गुरुवार की शाम को ही युवक की पत्नी समेत दो अज्ञात पर केस दर्ज कर पत्नी को कोतवाली लाकर पूछताछ कर रही थी। वहीं इस मामले में शनिवार को आक्रोशित लोगों ने शव रख महेवा-मूरतगंज मार्ग पर रख रास्जाजाम कर दिया। लोगों का कहना था कि युवक की हत्या की गई है जबकि पुलिस द्वारा एक्सीडेंट बताया जा रहा है। पुलिस अधिकारी पहुंचे और मामले में केस दर्ज करने की जानकारी दी तो लोग शांत हुए। करीब आधा घंटा मार्ग जाम रहा, जिससे वाहनों की लाइन लग गई।
युवक के हाथ-पांव में घाव के निशान व नाक से खून निकल रहा था
मंझनपुर कोतवाली इलाके में कोल्ड स्टोरेज के निकट एक युवक की लाश पड़ी देखी। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो युवक के दाहिने हाथ व पैर में घाव के निशान थे। जबकि नाक से खून निकल रहा था। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इस संबंध में युवक के 11 वर्षीय बेटे ने हत्या का आरोप लगाया है। उसने बताया कि गांव का एक युवक उसके घर अक्सर आता-जाता था। इसे लेकर पिता उसकी मां पर प्रेम प्रसंग की आशंका जाहिर कर लड़ाई करता था। गुरुवार की रात भी दोनों में झगड़ा हुआ था। इसके बाद उसके पिता की गला दबा कर हत्या कर दी गई।