प्रमुख सचिव ने दैनिक जागरण के अभियान 'संवारे एसआरएन' को लिया संज्ञान, बदहाली पर करेंगे कार्रवाई Prayagraj News
दैनिक जागरण ने एसआरएन अस्पताल की अव्यवस्था को लेकर संवारे एसआरएन अभियान चलाया था। प्रमुख सचिव ने इस पहल की सराहना की। कहा अस्पताल की बदहाली पर कार्रवाई करेंगे।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा डॉ. रजनीश दुबे ने एसआरएन (स्वरूपरानी नेहरू) अस्पताल की बदहाली को गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही इसमें सुधार न हुआ तो इसके लिए जो भी लोग जिम्मेदार होंगे उन पर कार्रवाई की जाएगी। दैनिक जागरण में प्रकाशित खबरों को संज्ञान में लेते हुए उन्होंने जिलाधिकारी को भी उचित कार्रवाई करने का आदेश दिया है।
एसआरएन अस्पताल में व्याप्त समस्याओं पर जागरण ने अभियान चलाया
स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय न सिर्फ प्रयागराज बल्कि प्रतापगढ़, कौशांबी, चित्रकूट, बांदा, जौनपुर आदि जिलों से भी बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए आते हैं। अस्पताल में उन्हें तमाम तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। पर्याप्त संसाधन होने के बाद भी उनका उचित इलाज नहीं हो पाता। न सीनियर डॉक्टर समय से मिलते हैं न ही जांच आदि ही समय पर हो पाती है। दैनिक जागरण ने एसआरएन अस्पताल की अव्यवस्था को लेकर 'संवारे एसआरएन' अभियान चलाया था। एक से आठ नवंबर तक चले इस अभियान में जहां व्यवस्था पर सवाल खड़े किए गए वहीं मरीजों को होने वाली दिक्कतों को भी प्रमुखता से उठाया गया।
प्रमुख सचिव ने दैनिक जागरण के पहल की सराहना की
प्रमुख सचिव ने दैनिक जागरण की पहल की इस पहल की सराहना की। क्योंकि अखबार के माध्यम से एसआरएन अस्पताल में आने वाले मरीजों को होने वाली दिक्कतों को इंगित किया गया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही अस्पताल की व्यवस्था में सुधार देखने को मिलेगा। बोले, अगर अधिकारी अपने दायित्व को ठीक से नहीं निभा पा रहे हैं तो फिर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।