Coronavirus : दिल्ली से आई गर्भवती महिला कोरोना वायरस से संक्रमित Prayagraj News
परिवार के साथ हाल ही में दिल्ली से आई थी। तीन दिन पहले वह प्रसव के लिए अपने पति के साथ कमला नेहरू मेडिकल कालेज गई। वहां उसका सैंपल भी लिया गया व भर्ती कर लिया गया।
प्रयागराज, जेएनएन। पडोसी जनपद प्रतापगढ़ में कोरोना केस बढ़ रहे हैं, लेकिन गनीमत यह है कि संक्रमित मरीज स्वस्थ भी हो रहे हैं। शनिवार को कुंडा क्षेत्र की एक गर्भवती महिला कोरोना पॉजिटिव निकली। जिले में अब 94 केस हो गए हैं। इनमें से 78 मरीज स्वस्थ होकर सामान्य जिंदगी जी रहे हैं। चार की मौत हो चुकी है।
तीन दिन पहले दिल्ली से परिवार के साथ आई है महिला
नया मामला कुंडा तहसील क्षेत्र के बाबागंज ब्लाक के पूरे बुद्धिधर का है। यहां की रहने वाली एक महिला अपने परिवार के साथ हाल ही में दिल्ली से आई थी। तीन दिन पहले वह प्रसव के लिए अपने पति के साथ कमला नेहरू मेडिकल कालेज गई। वहां उसका सैंपल भी लिया गया व भर्ती कर लिया गया। शनिवार को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। उसके पति ने अस्पताल प्रशासन पर रिपोर्ट आने के बाद व पहले लापरवाही बरतने का आरोप भी लगाया। साथ ही गर्भ में पल रहे शिशु के स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ गई है।
संपर्क में पूरे बुद्धिधर में लोग भयभीत
कोरोना संक्रमण केस मिलने के बाद पूरे बुद्धिधर में लोग भयभीत हो गए हैं। खासकर उक्त मरीज के पड़ोस के लोग अधिक डरे हुए हैं। जो महिलाएं दिल्ली से आने पर उसका हाल-चाल लेने गई थीं। अब वे भी परेशान हैं अब यह गांव हाट स्पाट बनेगा और सीमाएं सील होंगी। तरह-तरह की होने वाली मुश्किलों से लोग परेशान हैं। इधर सीएचसी कुंडा की टीम ने गांव में ऐसे लोगों की सूची बनानी शुरू कर दी है जो उक्त परिवार के संपर्क में आए हैं। इन सबका सैंपल लिया जाएगा। ऐसे लोगों की संख्या कम से कम 25 हो सकती है। महिला के परिजनों का सैंपल भी लिया जाएगा।