प्रतापगढ़ में गर्भवती महिला का कुएं में मिला शव, मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही
प्रतापगढ़ जनपद में कंधई थाना इलाके के कुएं में महिला की लाश मिली। वह मानसिक रूप से अस्वस्थ और गर्भवती बताई जाती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रतापगढ़ जनपद में कंधई थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह कुएं में एक महिला की लाश मिली। जगदीशगढ़ गांव की रहने वाली महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही है। वह गर्भवती भी थी। रविवार की रात में वह अचानक गायब हो गई थी। परिवार के लोग उसे ढूंढ रहे थे। फिलहाल पुलिस शव कब्जे में लेकर पड़ताल कर रही है।
रात में अचानक गायब हो गई लालती
जगदीशगढ़ गांव के रहने वाले प्यारेलाल की 28 वर्षीय पुत्री लालती देवी की शादी सात वर्ष पूर्व सदर कोतवाली क्षेत्र के शुकुलपुर निवासी जमुना प्रसाद के साथ हुई थी। वह गर्भवती थी। लालती अपने पिता के घर पर इन दिनों रह रही थी। रविवार की रात लगभग 11 बजे खाना खाकर लालती अपने पिता की चारपाई के पास ही दूसरी चारपाई लगाकर सो रही थी। मध्य रात्रि करीब एक बजे पिता प्यारे लाल की आंख खुली तो देखा लालती चारपाई से गायब थी।
सुबह भाई ने कुएं में उतराता देखा शव
अनहोनी की आशंका से परेशान लालती के परिवार के लोग रात में ही उसकी खोजबीन शुरू कर दी थी। हालांकि उसका कुछ सुराग नहीं लगा। सोमवार की सुबह लगभग साढ़े सात बजे लालती का भाई ढ़ूंढ़ते हुए गांव स्थित कुएं के पास गया। आशंकावश उसने कुएं में झांककर देखा तो लालती का शव उतराता दिखाई दिया। जानकारी होने पर परिवार के अन्य लोग भी बिलखते हुए वहां पहुंचे।
पुलिस मामले की कर रही जांच
सूचना पर कंधई थाना क्षेत्र के दीवानगंज चौकी इंचार्ज अभय सिंह फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों की मदद से लालती के शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार के लोगों ने पूछताछ में बताया कि लालती मानसिक रूप से अस्वस्थ थी। पुलिस ग्रामीणों से भी पूछताकर कर जांच पड़ताल कर रही है।
कच्चा मकान गिरने से वृद्ध महिला की मौत
इन दिनों हो रही बारिश से कच्चे मकानों पर शामत है। मिटटी के मकान गिरने से हादसे भी हो रहे हैं। इसी क्रम में मऊआइमा के छिमीताल गांव में भी एक कच्चे मकान की दीवार गिर गई। हादसे में वृद्ध महिला सुमित्रा देवी पत्नी शिव चरन की मौत हो ग़ई। दीवार गिरने के दौरान महिला घर के अंदर ही थी। दीवार के मलबे में वह दब गई। शोर सुनकर जब तक लोग वहां पहुंचते और मलबे से बाहर निकालते, सुमित्रा देवी ने दम तोड़ दिया। सूचना तहसील कर्मियों के साथ पुलिस को दी गई है।