Prayagraj Weather Update: प्रयागराज व आसपास के जिलों में कल भारी वर्षा का अलर्ट, छाए हैं बादल
Prayagraj Weather News सप्ताह की शुरुआत भारी बारिश के साथ हो सकती है। मौसम विभाग ने सोमवार को हल्की और मंगलवार को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वर्षा का यह सिलसिला आगे भी कुछ दिनों तक जारी रह सकता है।
प्रयागराज, जेएनएन। आसमान में बादल तो छा रहे हैं लेकिन वर्षा मनमाफिक नहीं हो रही। बादल घने होकर हल्की वर्षा कर देते हैं। इससे गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। बादलों के कारण उमस तेज है, पसीना नहीं रुक रहा है। हालांकि मौसम विभाग ने राहत की भी उम्मीद जताई है। प्रयागराज, प्रतापगढ़ व कौशांबी समेत आसपास के क्षेत्रों में इस सप्ताह झमाझम वर्षा का पूर्वानुमान जताया गया है।
प्रयागराज का तापमान : रविवार को दिनभर बादलों और सूर्य में लुकाछिपी चलती रही। बादल घने भी हुए लेकिन बारिश नहीं हुई। कल का अधिकतम तापमान 38.0 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से दो डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से एक डिग्री अधिक था। आज सोमवार 27 जून को प्रयागराज का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने उम्मीद मौसम विभाग ने जताई है।
क्या कहता है मौसम विभाग, कल भारी बारिश का अलर्ट : सप्ताह की शुरुआत भारी बारिश के साथ हो सकती है। मौसम विभाग ने सोमवार को हल्की और मंगलवार को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वर्षा का यह सिलसिला आगे भी कुछ दिनों तक जारी रह सकता है। इस दौरान बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में गरज के साथ छीटे भी पड़ेंगे।
प्रतापगढ़ का मौसम : प्रतापगढ़ जिले में रविवार को सुबह से ही तेज धूप निकली। धूप निकलने से गर्मी एवं उमस बढ़ गई। पुरवा हवाओं के चलने से अधिकतम व न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई। सनई अनुसंधान केंद्र के मौसम विज्ञान प्रेक्षक देशराज मीना ने बताया कि रविवार को अधिकतम तापमान 37.2 व न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहा। आज 27 जून को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। यहां भी वर्षा के आसार हैं।