Prayagraj Weather News: बादल छाए व उमस तेज, वर्षा को लेकर क्या कहता है मौसम विभाग
Prayagraj Weather News 28 जून को आसमान में बादल छाए रहने और हल्की वर्षा का मौसम विभाग ने अनुमान जताया है। कल 29 जून से अगले कुछ दिनों तक तेज वर्षा की भी उम्मीद है। वर्षा चमक और गरज के साथ हो सकती है।
प्रयागराज, जेएनएन। आसमान में बादल छाए हैं लेकिन वर्षा नहीं हो रही है। उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल हैं। शरीर से पसीना लगातार निकल रहा है। कूलर, पंखे बेअसर हैं, सिर्फ एसी में ही राहत है। कुछ ऐसा ही प्रयागराज और आसपास के इलाकाें का इन दिनों मौसम है। हालांकि मौसम विभाग की ओर से राहत भरी खबर भी है। वर्षा अगले कुछ दिनों में होने की संभावना जताई जा रही है।
प्रयागराज का तापमान : प्रयागराज में सोमवार को अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रहा। अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा। आज मंगलवार 28 जून को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद मौसम विभाग ने जताई है।
क्या है मौसम का पूर्वानुमान :आज 28 जून को आसमान में बादल छाए रहने और हल्की वर्षा का मौसम विभाग ने अनुमान जताया है। कल 29 जून से अगले कुछ दिनों तक तेज वर्षा की भी उम्मीद है। वर्षा चमक और गरज के साथ हो सकती है। आसमान में बादल पिछले तीन दिनों से छाए हैं, कभी घने हो जाते हैं तो कभी हल्के। यानी बादलों और सूर्य के बीच लुकाछिपी चल रही है।
प्रतापगढ़ का मौसम : प्रतापगढ़ जनपद में सोमवार को सुबह से धूप निकली। सूर्य की किरणें बादलों के कारण तेज तो नहीं रही, पर गर्मी एवं उमस का असर रहा। दोपहर में अचानक बादल छा गए। लगा कि अब पानी बरसेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। सनई अनुसंधान केंद्र के मौसम विज्ञान प्रेक्षक देशराज मीना ने बताया कि सोमवार को अधिकतम तापमान 37 व न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस रहा। आज मंगलवार 28 जून को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के करीब रहेगा।