Prayagraj Weather Forecast : सितंबर में जून जैसा मौसम, अभी उमस से राहत मिलने की उम्मीद नहीं
Prayagraj Weather Forecas उमस और गर्मी से जनपद के लोग परेशान हैं। आसमान साफ है और सूर्य की तेज किरणें शरीर में चुभ रही हैं। आज दिन भर उमस से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
प्रयागराज, जेएनएन। न दिन में चैन है और न रात में ही सुकून है। उमस और गर्मी से प्रयागराज के लोग परेशान हैं। दोपहर में सूर्य की तल्ख किरणें परेशान कर रही हैं। वहीं रात में उमस के साथ ही मच्छरों का भी दंश लोगों को झेलना पड़ रहा है। रात करवटें बदलकर बितानी पड़ रही है। कूलर और पंखे भी बेअसर साबित हो रहे हैं। यही हाल इन दिनों जनपद के मौसम का है। या यूं कह लें कि सितंबर के महीने में जून जैसी उमस और गर्मी का असर है।
बारिश हो नहीं रही और आसमान से बादल साफ हैं
पिछले कुछ दिनों से वातावरण में गर्मी और उमस का वर्चस्व फिर बढ़ गया है। शुक्रवार की सुबह भी आसमान में बादल नहीं हैं। सूर्य की गर्म किरणें अभी से परेशान करने लगी हैं, जबकि दोपहर बाकी है। हल्के बादल हैं लेकिन वह सूर्य की किरणों के तेज को रोक पाने में असफल हैं। लोगों को इससे बेचैनी भी होने लगी है। फिलहाल आज तो दिन भर मौसम में तल्खी रहने का अनुमान लगाया है।
पिछले दिनों की बारिश से मिली थी राहत
पिछले दिनों की बारिश ने शहरवासियों को उमस और गर्मी से कुछ राहत दी थी। आसमान में छाए काले और घने बादलों से बारिश हो रही थी। लगातार कभी रिमझिम तो कभी झमाझम बारिश ने मानो तपते बदन को राहत दी थी। बारिश के कारण तापमन में कमी आई और राहत मिली। राहत के बाद मौसम फिर बदलने लगा। अब बादल प्रयागराज के आसमान को छोड़कर गायब हो गए हैं।
मच्छरों के आतंक से लोग परेशान
शाम होते ही मच्छरों का प्रकोप तेज हो जाता है। रात में मच्छरों को भगाने के हर उपक्रम भी इन दिनों फेल नजर आ रहे हैं। एक तो उमस भरी गर्मी उस पर मच्छरों का झुंड, इससे लोग परेशान हो गए हैं। सारी रात करवट बदलकर बिताने पर लोग विवश हैं। शहर के सभी मोहल्लों में पर्याप्त फागिंग भी नहीं होने से मच्छरों की संख्या बढ़ गई है।