Prayagraj Weather Forecast : शहर में तो कम पर ग्रामीण क्षेत्र में बारिश के साथ वज्रपात भी हुआ, उमस से राहत नहीं
Prayagraj Weather Forecast ग्रामीण इलाकों में बारिश के साथ ही आसमान से बिजली भी गिरी। वहीं शहरी इलाकों में रिमझिम फुहार हुई। सुबह से आसमान पर बादल हल्के हैं। धूप भी निकल रही।
प्रयागराज, जेएनएन। मौसम ने फिर करवट बदली है। अब आसमान पर छाए बादलों से शहर में शनिवार की शाम और रात में रुक-रुककर बारिश हुई। वहीं ग्रामीण इलाकों में झमाझम बारिश हुई। यहां तक कि वज्रपात भी हुआ, जिससे दो की मौत और कई झुलस गए। रविवार की सुबह से आसमान पर हल्के बादल छाए हैं लेकिन बारिश नहीं हो रही है। हां, इस मौसम में उमस भरी गर्मी का वर्चस्व कम नहीं हुआ है। धूप भी निकल रही है, यानी बादलों और सूर्य में वर्चस्व को लेकर जंग छिड़ी हुई है।
शिवकुटी समेत कई इलाकों में घंटों गुल रही बिजली
हल्की बारिश में शिवकुटी समेत कई इलाकों में कई घंटे बिजली गुल रही। करीब एक घंटे तक आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो लोग उपकेंद्र पर पहुंचे। जानकारी ली तो कर्मचारियों ने बताया कि केबल में तकनीकी खराबी आने से ऐसा हुआ है। मरम्मतीकरण का कार्य चल रहा है। शाम करीब पांच बजे आपूर्ति बहाल हुई। इसी तरह राजापुर, प्रीतम नगर, चकिया, कसारी-कसारी, बलुआघाट में भी दोपहर में करीब दो घंटे आपूर्ति ठप रही। संबंधित उपकेंद्रों के अधिकारियों का कहना है कि बारिश की वजह से जंपर में गड़बड़ी आने की वजह से आपूॢत प्रभावित हुई थी।
वज्रपात से किशोर व महिला की मौत, छह झुलसे
करछना के डांडो गांव में वज्रपात की चपेट में आने से घास काटने गई एक महिला की मौत हो गई। इसी तरह सराय ममरेज के वीहीपुर गांव में एक किशोर की वज्रपात से जान चली गई। छह लोग झुलस भी गए।
डांडो गांव के जियालाल पत्नी सावित्री (45) को लेकर शनिवार की शाम खेत में घास काटने गई थी। उसी समय बारिश होने लगी। इसी बीच वज्रपात भी हो गया, जिसकी चपेट में आकर सावित्री झुलस गई। दूसरे खेत में घास छील रहे जियालाल वहां पहुंचे और पत्नी को लेकर घर पहुंचे। इलाज के लिए इंतजाम कर ही रहे थे कि सावित्री ने दम तोड़ दिया। राजस्व कर्मियों ने प्राकृतिक आपदा के तहत मृतका व उसके परिवार का ब्योरा लिया। सावित्री के तीन बेटे यशवंत कुमार, अजीत कुमार, रवि कुमार हैं।
वज्रपात से कई लोग झुलस गए
उधर, सराय ममरेज के वीहीपुर गांव में वज्रपात से महुआ के पेड़ के नीचे बारिश से बचने के लिए खड़े धनराज बिंद के बेटे अजय (12) की मौत हो गई। वहीं पर खड़े अजय के छोटे भाई विजय (10), नैतिक (8), पड़ोसी लाल प्रसाद के बेटे अंकित (8) भी वज्रपात झुलस गए। पास में झोपड़ी में खड़ी भदोही के दुर्गागंज क्षेत्र के चौरा गांव निवासी मंजू (22) व उसका भाई भी वज्रपात से झुलस गया। सोरांव के गधिना रनिया गांव भोला पटेल (35) भी झुलस गए।