मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का प्रयागराज आगमन कार्यक्रम में फेरबदल Prayagraj News
सीएम योगी आदित्यनाथ संगम के पास परेड मैदान में नौ अगस्त को पौधरोपण करेंगे और लोगों को निश्शुल्क पौधे वितरित करेंगे। हालांकि उनके आगमन के समय में बदलाव हुआ है।
प्रयागराज, जेएनएन। परेड मैदान में नौ अगस्त को प्रस्तावित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम में थोड़ा फेरबदल हुआ है। अब मुख्यमंत्री सुबह नहीं बल्कि दोपहर बाद आएंगे। दरअसल, सुबह के समय उनका लखनऊ में एक कार्यक्रम में शामिल होना है। उसमें शामिल होने के बाद ही वह प्रयागराज आएंगे। मुख्यमंत्री लगभग दो घंटे यहां रहेंगे। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह व नागरिक उड्डयन मंत्री नंदगोपाल गुप्त नंदी भी शरीक होंगे।
परेड मैदान में 40 हजार से ज्यादा पौधे निश्शुल्क वितरित किए जाएंगे
परेड मैदान में नौ अगस्त को निश्शुल्क पौधारोपण कार्यक्रम रखा गया है। मुख्य वन संरक्षक कमलेश कुमार ने बताया कि इस कार्यक्रम के दौरान 40 हजार से ज्यादा पौधे निश्शुल्क वितरित किए जाएंगे। इसके लिए परेड मैदान में 25 काउंटर बनाए जा रहे हैं। सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक पौध वितरण का कार्यक्रम होगा।
बनेगा विश्व कीर्तिमान, गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड की टीम भी मौजूद रहेगी
एक ही स्थान से सबसे ज्यादा निश्शुल्क पौध वितरण का यहां विश्व कीर्तिमान भी बनेगा। इसके लिए गिनीज बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड की टीम भी मौजूद रहेगी। दोपहर बाद तक यह कीर्तिमान बनने की उम्मीद जताई जा रही है।
परेड मैदान में सीएम के आगमन को लेकर तैयारियां जोरों पर
कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और वन विभाग समेत विभिन्न विभागों की ओर से तैयारियां तेज हो गई हैं। परेड मैदान में जमा पानी को निकालने के लिए कई पंपसेट लगाए दिए गए हैं। इसके अलावा बैरिकेडिंग का काम भी शुरू करा दिया गया है। परेड मैदान की साफ-सफाई कराई गई। इसके अलावा शहर के चौराहे भी संवारे जाने लगे हैं। कुंभ के दौरान जैसे प्रमुख चौराहों पर गमले रखे गए थे, उसी तरह गमले रखे जा रहे हैं। एयरपोर्ट से शहर की ओर आने वाली सड़क के दोनों ओर साफ-सफाई के लिए डीपीआरओ रेनू श्रीवास्तव ने सफाई कर्मियों को लगा दिया है।
समारोह के गवाह बनेंगे 45 स्कूल और कॉलेजों के बच्चे
इस कार्यक्रम में शहर के लगभग 45 स्कूल-कॉलेजों के बच्चे भी शामिल होंगे। एडीएम सिटी अशोक कुमार कनौजिया ने बताया कि शहर में विभिन्न संगठनों, स्वयं सेवी संस्थाओं के साथ आमजन से भी कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की गई है।
सीएम के प्रस्तावित रूट पर अतिक्रमण चिह्नित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नौ अगस्त के आगमन के मद्देनजर नगर निगम ने उनके काफिले के प्रस्तावित मार्गोंंं पर अतिक्रमण चिह्नित किए। इसे आज हटाया जाएगा। उधर, सिविल लाइंस में एमजी एवं एसपी मार्ग पर लगने वाली दुकानें हटवाई गईं। नौ अगस्त को सीएम हेलीकॉप्टर से आएंगे या हवाई जहाज से, यह अभी तय नहीं है। हालांकि उनके हवाई जहाज से बमरौली और वहां से सड़क मार्ग से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे की संभावना है। इसके मद्देनजर नगर निगम ने चौफटका से करबला चौराहा और वहां से बमरौली एयरपोर्ट तक सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण और व्यवधान चिह्नित किए।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप