प्रयागराज में नगर निगम की कैटिल कैचर टीम पर हमला, 12 लोगों के खिलाफ नैनी थाने में शिकायत
Attack on nagar nigam team सड़कों पर घूम रहे मवेशियों को पकड़ना नगर निगम कर्मचारियों को भारी पड़ रहा है। सोमवार सुबह लोगों ने मवेशियों को पकड़ रहे कैटिल कैचर टीम के कर्मचारियों से मारपीट की। हमले के बाद नगर निगम के कर्मचारियों ने काम करने से इन्कार कर दिया।
प्रयागराज, जेएनएन। Attack on nagar nigam team: सड़कों पर घूम रहे मवेशियों को पकड़ना नगर निगम कर्मचारियों को भारी पड़ रहा है। सोमवार सुबह कुछ लोगों ने मवेशियों को पकड़ रहे कैटिल कैचर टीम के कर्मचारियों से मारपीट की। इस हमले के बाद नगर निगम के कर्मचारियों ने काम करने से इन्कार कर दिया। बाद में पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी विजय अमृतराज ने 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी। साथ ही मारपीट करने वाले एक पशुपालक को भी पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
पकडे़ गए तीन मवेशियों को मारपीट कर छुड़ा ले गए थे लोग
शनिवार को एडीए कालोनी के पास मीरजापुर मार्ग से नगर निगम कैटिल कैचर टीम ने तीन मवेशियों को पकड़ा था। उसी दौरान दर्जन भर से अधिक लोग आए और कर्मचारियों से मारपीट कर मवेशी छुड़ा ले गए थे। पुलिस के सामने माफी मांगने पर कर्मचारियों ने भी कोई कार्रवाई नहीं कराई थी।
मवेशियों को पकड़ते हमला होने पर की पुलिस से शिकायत
सोमवार सुबह टीम जब मवेशियों को पकड़ रही थी, उसी दौरान फिर से कुछ लोगों ने हमला कर दिया। इससे आक्रोशित कर्मचारी एडीए पुलिस चौकी पर पहुंचकर मामला दर्ज कराने की मांग करने लगे। इंस्पेक्टर सुरेंद्र कुमार वर्मा का कहना है कि तहरीर मिली है। जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि तमाम पशुपालक सुबह दूध दूहने के बाद अपने मवेशी खुला छोड़ देते हैं। ये मवेशी सड़कों पर टहलते हैं जिससे आवागमन बाधित होता है और अक्सर गाड़ियां टकराने से हादसा होता है। इन पशुओं को पकड़ने के लिए नगर निगम की टीम जाती है तो कर्मचारियों से मारपीट की जाती है।