सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज में खेल महोत्सव के समापन समारोह में खिलाड़ियों को किया सम्मानित
सीएम योगी आदित्यनाथ आज शुक्रवार शाम प्रयागराज पहुंच चुके हैं। शाम 5.18 बजे उनका विमान बमरौली एयरपोर्ट पर उतरा जहां से वह अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स कांप्लेक्स म्योहाल पहुंचे। स्वर्ण जयंती खेल महोत्सव का 30 अक्टूबर को केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने शुभारंभ किया था।
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। सीएम योगी आदित्यनाथ शुक्रवार शाम स्टेट प्लेन से प्रयागराज में बमरौली एयरपोर्ट पर उतरने के बाद छह बजे म्योहाल चौराहा के निकट अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स कांप्लेक्स पहुंचे। उनके साथ डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और कैबिनेट मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी भी मंच पर मौजूद रहे। म्योहाल के 50 वर्ष पूरे होने पर एक से आठ अक्टूबर तक आयोजित स्वर्ण जयंती खेल महोत्सव का 30 अक्टूबर को केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने शुभारंभ किया था।
इसी महोत्सव के समापन समारोह में शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रयागराज पहुंचे। यूपी के खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव और न्यायमूर्ति विक्रमनाथ ने भी समारोह में शिरकत की। खेल महोत्सव में सैकड़ों खिलाड़ी इसका हिस्सा बने और आठ दिनों तक संगम नगरी में विभिन्न खेल के खिलाड़ियों का जमघट बना रहा। मुख्यमंत्री ने समारोह में खिलाड़ियों को पुरस्कृत और सम्मानित किया। सीएम योगी के आगमन से पहले शुक्रवार सुबह से डीएम और एसएसपी समेत अन्य अधिकारी म्योहाल में तैयारी का जायजा लेते रहे। शाम करीब सात बजे सीएम समारोह स्थल से बमरौली एयरपोर्ट और फिर वहां से लखनऊ के लिए रवाना हो गए।
आठ दिन में 675 खिलाड़ियों ने अलग-अलग प्रतियोगिता में दिखाई प्रतिभा
महोत्सव का शुभारंभ वैसे तो 30 सितंबर को ही हो गया था लेकिन, मैच दो अक्टूबर से अमिताभ बच्चन स्पोर्ट्स कांप्लेक्स म्योहाल में शुरू हुए। आठ दिनों में 675 खिलाड़ियों ने छह अलग अलग खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खिलाड़ियों द्वारा सीएम के स्वागत की तैयारी भी अलग से की जा रही है।
अब तक कौन कौन सी प्रतियोगिता हुई
दो व तीन अक्टूबर - लान टेनिस - 150 खिलाड़ी- अंडर 15, 19 व अन्य
दो व तीन अक्टूबर - टेबल टेनिस - 70 खिलाड़ी- अंडर 17, 19 व अन्य
चार व पांच अक्टूबर - वालीबाल - 120 खिलाड़ी- ओपन वर्ग
चार व पांच अक्टूबर - बैडमिंटन- 150 खिलाड़ी - अंडर 15, 19 व अन्य
छह व सात अक्टूबर - बास्केटबाल- 160 खिलाड़ी- अंडर 19 समेत अन्य
सजाया गया कांप्लेक्स
म्योहाल कांप्लेक्स की पुरानी बिल्डिंग व परिसर का रंग रोगन कर आकर्षक रूप दिया गया। तोरण द्वार से ही भगवा व पीले वस्त्रों से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए गैलरी बनाई गई थी। छात्रावास के सामने मंच सजाया गया। गुलाटी मार्ग के डिवाइडर पर भी काले पीले पेंट से सड़क को चमकाया गया था।