Move to Jagran APP

Prayagraj Panchayat Chunav Result 2021: जिला पंचायत सदस्‍यों के परिणाम के बाद अध्‍यक्ष पद के दावेदारों की तस्‍वीर होगी साफ

Prayagraj Gram Kshetra And Zila Panchayat Chunav Result 2021 रविवार रात तक सदस्य के आधे से ज्यादा पदों के नतीजे आ जाने की उम्मीद है। सोमवार को सभी पद के परिणाम सामने होंगे। प्रयागराज में कुल 84 सदस्य पदों पर चुनाव हुआ है।

By Rajneesh MishraEdited By: Published: Sun, 02 May 2021 06:00 AM (IST)Updated: Sun, 02 May 2021 09:18 AM (IST)
Prayagraj Panchayat Chunav Result 2021: जिला पंचायत सदस्‍यों के परिणाम के बाद अध्‍यक्ष पद के दावेदारों की तस्‍वीर होगी साफ
सदस्‍य पद का परिणाम आने के बाद अब जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए घमासान होगा।

प्रयागराज, जेएनएन। जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए घमासान है। रविवार को पंचायत चुनाव के परिणाम के बाद अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी भी सामने होगी। वैसे इस पद के लिए प्रमुख राजनैतिक दलों भाजपा और सपा के कई कद्दावर नेता दावेदारी ठोंक रहे हैं मगर सदस्य पद पर विजय हासिल होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। क्योंकि सदस्य पद पर विजयी होने के बाद ही अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ा जा सकता है।

loksabha election banner

निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा सिंह भाजपा से फिर दावेदारी ठोंक रहीं

रविवार रात तक सदस्य के आधे से ज्यादा पदों के नतीजे आ जाने की उम्मीद है। सोमवार को सभी पद के परिणाम सामने होंगे। प्रयागराज में कुल 84 सदस्य पदों पर चुनाव हुआ है। निवर्तमान जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा सिंह भाजपा से फिर दावेदारी ठोंक रहीं हैं। वह मांडा से जिला पंचायत सदस्य पद पर चुनाव लड़ी हैं। मौजूदा जिला पंचायत अध्यक्ष होने के कारण पार्टी उन पर दांव लगा सकती है। फिलहाल, पार्टी में ही उन्हें घेरने के लिए कई कद्दावर नेता लगे हैं। इसमें प्रमुख नाम है डा. वीके सिंह का। वह हंडिया के पूर्व विधायक डा. देवराज सिंह के बेटे हैं।  देवराज शुरू से ही भाजपा से जुड़े रहे। विपरीत परिस्थितियों में भी वह पार्टी में बने रहे। उनके परिवार में लगभग एक दर्जन महिला पुरुष चिकित्सक हैं। तीन अस्पताल, पेट्रोल पंप आदि के मालिक हैं।  देवराज हंडिया से तीन बार विधानसभा और भदोही से एक बार लोकसभा का चुनाव लड़ चुके हैं। ऐसे में डा. वीके सिंह की दावेदारी भी मजबूत दिखाई दे रही है।

अध्यक्ष का टिकट तो पार्टी प्रदेश हाईकमान ही तय करेंगे

इनके अलावा रत्न व्यवसायी एवं बहरिया के निवर्तमान ब्लाक प्रमुख कुलदीप पांडेय और कोल्ड स्टोर संचालक आशीष केशरवानी भी अध्यक्ष पद के लिए ही सदस्य का चुनाव लड़े हैं। अध्यक्ष का टिकट तो पार्टी प्रदेश हाईकमान ही तय करेंगे मगर मौजूदा अध्यक्ष को उनकी ही पार्टी के कद्दावर नेता घेरने में जुटे हैं। ऐसे में अध्यक्ष पद का चुनाव यहां रोचक होने की उम्मीद है। विपक्षी दलों में अब तक सपा से ही अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी मजबूत दिखाई दे रही है। पार्टी के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री तथा राज्यसभा सदस्य रेवती रमण सिंह के बेहद करीबी राजेश्वर पांडेय उर्फ बड़े बाबू भी अध्यक्ष पद के लिए ही सदस्य का चुनाव लड़े हैं। सपा में वैसे एक दो और दावेदार हैं मगर टिकट बड़े बाबू को मिलने की संभावना है। कांग्रेस, बसपा और आप से भी कुछ लोग दावा ठोंक रहे हैं मगर सदस्य पद पर विजयी होने के बाद ही आगे की तस्वीर साफ हो सकेगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.