Prayagraj Weather Forecast: सप्ताह भर सर्द हवाएं लोगों को करेंगी परेशान, बारिश के भी हैं आसार
Prayagraj Weather Forecast समुद्र विज्ञानी व पर्यावरण के जानकार प्रो. शैलेंद्र रॉय ने बताया कि सप्ताह के अंत में बारिश होने की प्रबल संभावना है। पछुआ हवाओं का कहर जारी रहेगा। रात में गलन और सुबह कोहरा छाया रहेगा। पहाड़ों पर हुई दोबारा बर्फबारी का असर कुछ दिनों तक रहेगा।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रयागराज में मौसम के अजब-गजब बदलाव के बीच शहर में ठंड का आलम शिमला जैसे नजर आने लगा है। पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं से गलन काफी बढ़ गई है। हालांकि न्यूनतम तापमान सामान्य से सिर्फ तीन डिग्री सेल्सियस ही कम है, फिर भी शीतलहर लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग के अनुसार मकर संक्रांति पर्व पर ठंड के साथ कोहरा भी देखने को मिला। आगे भी शीतलहर का क्रम जारी रहने की उम्मीद भी जताई है। इसके अलावा आगामी तीन दिन के भीतर बारिश के भी आसार हैं।
जनपद के तापमान पर डालें एक नजर
गुरुवार को न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता की बात करें तो अधिकतम 92 और न्यूनतम 68 मापी गई। शुक्रवार को तापमान न्यूनतम 8.1 डिग्री तक जाने के आसार हैं। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 16,17,18 जनवरी को कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की बारिश और ओलावृष्टि होने की आशंका है।
आइए जानते हैं कि क्या कहते हैं मौसम विज्ञानी
समुद्र विज्ञानी व पर्यावरण के जानकार प्रो. शैलेंद्र रॉय ने बताया कि सप्ताह के अंत में बारिश होने की प्रबल संभावना है। पछुआ हवाओं का कहर जारी रहेगा। रात में गलन और सुबह कोहरा देखने को मिलेगा। पहाड़ों पर हुई दोबारा बर्फबारी का असर कुछ दिनों तक छाया रहेगा।
- बदलते मौसम में रखें हर चीज का ध्यान
कोहरा, पाला, शीतलहर और धूप ना निकलने के कारण कुछ फसलों में कीटों के लगने की आशंका बनी हुई है। बदलते मौसम में किसान फसलों पर निगरानी रखें और आवश्यकता पड़ने पर उचित उपचार भी करें। वहीं लोगो के लिए, चाहे वह घर में हो या ,बाहर सफ़र करने वाले हो ,बच्चे हो या बुज़ुर्ग अपने पहनावे का ख़ास ख्याल रखे । ठंड से होने वाली सर्दी जुकाम से बचें ।