Prayagraj Weather Forecast : बारिश ने दी उमस भरी गर्मी से राहत, जानें कल के मौसम का हाल
Prayagraj Weather Forecast दोपहर तक गर्मी से लोग परेशान थे। अचानक आसमान पर घने बादल छा गए और बारिश होने लगी। शहरवासियों को उमस से राहत मिली।
प्रयागराज, जेएनएन। कल की उमस भरी गर्मी के बाद आज मंगलवार को आसमान पर दोपहर बाद राहत मिली। आसमान पर घने बादल छा गए और रिमझिम बारिश हो रही है। दोपहर तक तो यह हाल था कि लोग गर्मी से परेशान थे। आसमान भी साफ था। फिलहाल अचानक बदले मौसम ने लोगों को तरोताजा कर दिया है। कल भी ऐसे ही मौसम के बने रहने का अनुमान है।
उमस से बेहाल लोगों को राहत मिली
एक बार फिर लोगों को राहत मिली है। सोमवार की रात में उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल थे। पंखे और कूलर बेअसर साबित हो रहे थे। आज दोपहर में भी सूर्य की तल्ख किरणें लोगों को परेशान कर रही थी। दोपहर बाद से मौसम बदला और आसमान में बादल छा गए। बारिश भी होने लगी। सुहावना मौसम है और सूर्य की गर्म किरणें शरीर में नहीं चुभ रही हैं। फिलहाल मौसम के करवट बदलने से जनपद के लोगों को राहत मिली है। सुहावने मौसम के कारण उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को कुछ राहत मिली है।
आसमान में बादल देख किसान खुश
ग्रामीण इलाके में भी बारिश अपेक्षाकृत कम होने से किसान परेशान थे। वहीं मंगलवार को गरज-चमक केस साथ आसमान में बादलों को देखकर एक बार फिर किसानों की उम्मीद ताजा हो गई है। यानी उन्हें यह संभावना है कि अब अच्छी बारिश जरूर होगी। अच्छी बारिश होगी तभी उनके खेतों में लगी धान की फसल को संजीवनी मिलेगी।
वज्रपात से किशोर की गई जान
प्रतापगढ़ में बाग में आम के पेड़ के नीचे बैठे किशोर पर सोमवार की शाम अचानक वज्रपात हो गया। इससे उसने दम तोड़ दिया। वहीं बगल में बैठे आधा दर्जन लोग बाल-बाल बच गए। पट्टी कोतवाली क्षेत्र के महोखरी गांव निवासी संजय कुमार गौतम का पुत्र विवेक कुमार गौतम (17) गर्मी व उमस के बीच घर के पास आधा दर्जन साथियों के साथ आम के पेड़ के नीचे बैठा था। इसी बीच अचानक मौसम खराब हुआ और तेज गडग़ड़ाहट के साथ आम के पेड़ पर वज्रपात हो गया। जिसकी चपेट में आकर विवेक झुलस गया। घर वाले उसे लेकर सीएचसी पट्टी आए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं पर साथ में गए गांव के सुरेंद्र यादव, दिनेश यादव, रोहित यादव, युवराज, बबलू यादव सहित आधा दर्जन लोग बाल-बाल बच गए।