Prayagraj Weather Forecast : सप्ताह के आखिरी से गलन संग धुंध और कोहरे के बढ़ने के हैं आसार
Prayagraj Weather Forecast आईएमडी ने दिसंबर से फरवरी के लिए अपने सर्दियों के पूर्वानुमान में कहा कि उत्तर और मध्य भारत में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है। रात का तापमान सामान्य से कम रह सकता तो दिन का तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।
प्रयागराज,जेएनएन। मौसम का मिजाज प्रतिदिन करवट ले रहा है। दिसम्बर के आगाज संग गुलाबी ठंड का समय भी जा चुका है। पिछले कुछ दिनों से हमें रात में गलन और सुबह में हल्का धुंध देखने को मिल रहा है, लेकिन अब कोहरे में भी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। सप्ताह के अंत मे गलन के साथ कोहरा बढ़ने के आसार हैं। गुरुवार को शहर में तापमान न्यूनतम 11 डिग्री तक रहने की उम्मीद है, वहीं अधिकतम पारा 28 डिग्री दर्ज तक जा सकता है। मौसम साफ रहने के आसार हैं।
मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार उत्तर भारत में इस बार अधिक कड़ाके की सर्दी पड़ सकती है। गलन के साथ धुंध और कोहरा बढ़ने की उम्मीद है। ज्यादा शीत लहर चलने का अनुमान है। आईएमडी ने दिसंबर से फरवरी के लिए अपने सर्दियों के पूर्वानुमान में कहा कि उत्तर और मध्य भारत में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है। रात का तापमान सामान्य से कम रह सकता है, वहीं दिन का तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। वहीं पश्चिमी तट और दक्षिण भारत में भी न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है।
आईएमडी ने अपने पूर्वानुमान में कहा, ‘‘आगामी सर्दी के मौसम (दिसंबर से फरवरी) में उत्तर, उत्तर पश्चिम, मध्य भारत के अधिकतर उपसंभागों में और पूर्वी भारत के कुछ उपसंभागों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है। समुद विज्ञानी व पर्यावरण के जानकार प्रो. शैलेन्द्र रॉय ने बताया कि दिसम्बर के पहले सप्ताह तक मौसम साफ रहने के आसार हैं। बारिश की अभी कोई संभावना नहीं दिख रही है। दिन में धूप और रात में गलन देखी जा सकती है।