Prayagraj Weather Forecast : आसमान से बादल हटे तो ठंडी हवा ने बढ़ाई ठंड, दोपहर में राहत रहेगी
Prayagraj Weather Forecast शनिवार की सुबह आसमान से बादल गायब थे लेकिन ठंडी हवा का वर्चस्व रहा। इससे ठंड का असर बढ़ गया। सुबह का तापमान 22 डिग्री दर्ज किया गया। ग्रामीण इलाकों में ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लोग लेने लगे हैं।
प्रयागराज, जेएनएन। शुक्रवार को आसमान में बादलों के छाने से सूर्य की गर्मी खास प्रभाव नहीं डाल सकी थी। वहीं शनिवार की सुबह से ही आसमान साफ है। ऐसे में दोपहर में धूप शहरवासियों को राहत देगी। हालांकि आज सुबह से ठंडी हवा भी चल रही है। इससे ठंड का असर भी बढ़ गया है। सुबह के समय वातावरण में हल्का कोहरा भी रहा। कोहरे का असर शहर में तो कम लेकिन ग्रामीण इलाकों में अधिक दिखा। यही कारण है कि ग्रामीण ठंड से बचने के लिए अलाव का भी सहारा लेने लगे हैं।
आज सुबह का तापमान 22 डिग्री दर्ज किया गया
शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रहने से बारिश की भी उम्मीद जगी थी हालांकि हुई नहीं। पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद तापमान में गिरावट आई है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान में सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस अधिक यानी 27.9 डिग्री पर पहुंच गया था। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन तक न्यूनतम तापमान में एक या दो डिग्री का अंतर देखा जा सकता है। बारिश के आसार आगामी दो दिन तक नहीं दिख रहे हैैं। शनिवार सुबह का तापमान 22 डिग्री दर्ज किया गया।
बदलते मौसम में स्वास्थ्य के प्रति सावधान रहें शहरवासी
एक ओर कोरोना वायरस का संक्रमण है तो दूसरी ओर मौसम बदल रहा है। ऐसे में लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति सावधान रहने की आवश्यकता है। चिकित्सक सलाह देते हैं कि यदि किसी को बुखार, खांसदी, सर्दी व पेट दर्द व डायरिया के लक्षण हैं तो वह तत्काल डॉक्टर से संपर्क करे।
गरीबों को बांटे गर्म कपड़े
ठंड के बढ़ने के साथ ही गरीबों की फजीहत भी बढ़ गई है। ऐसे में प्रयागराज में महिला व्यापार मंडल की पदाधिकारियों ने संगम तट पर ठंड से बचाने के लिए गरीबों में गर्म कपड़े बांटे। वरिष्ठ उपाध्यक्ष लक्ष्मी बहुगुणा के नेतृत्व में स्वेटर, इनर, जैकेट, कैप का वितरण किया गया। इस मौके पर मीणाराय, संयुक्ता, कल्याणी, शिखा मुखर्जी, अंजलि, आशा आदि मौजूद रहीं।