बंदूक से फायरिंग कर दहशत फैलाने के आरोपित शख्स को प्रतापगढ़ पुलिस ने किया गिरफ्तार
लाइसेंसी बंदूक से फायर कर दहशत फैलाने के आरोपित शख्स और उसके साथी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक व तमंचा बरामद किया गया। पुलिस का कहना है कि बंदूक का लाइसेंस निरस्त कराया जाएगा
प्रयागराज, जेएनएन। लाइसेंसी बंदूक से फायर कर दहशत फैलाने के आरोपित शख्स और उसके साथी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक व तमंचा बरामद किया गया।
निरस्त कराया जाएगा जब्त बंदूक का लाइसेंस
चौरा गांव निवासी नंदलाल सोनी ने अपने साथी नागेंद्र बहादुर सिंह के साथ शनिवार को लाइसेंसी बंदूक से मवइया गांव में फायर करके दहशत फैलाई थी। इसकी सूचना मिलने पर मौके पर गए गड़वारा चौकी इंचार्ज शुभनाथ साहनी ने भदौसी गांव के पास नंदलाल सोनी व उसके साथी नागेंद्र बहादुर सिंह निवासी अधारपुर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में नागेंद्र के पास तमंचा व नंदलाल के पास से फायरिंग में प्रयोग की गई बंदूक बरामद हुई। एसओ अर्जुन यादव ने बताया कि बंदूक को बरामद कर लिया गया है। लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी
फायरिंग करने का आरोपित बंदूक सहित गिरफ्तार
प्रतापगढ़ : साल भर पहले रानीगंज थाना क्षेत्र के जामताली गांव के पास की गई फायरिंग, लूट की घटना के आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके पास से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक भी बरामद की गई है।
पीटकर लूट ली थी नकदी और मोबाइल फोन
रानीगंज थाना क्षेत्र के जामताली-आधारगंज मार्ग पर पुरानी रंजिश को लेकर 20 जुलाई 2021 को एक व्यक्ति की पिटाई करके पैसा व मोबाइल लूट लिया गया था। घटना के दौरान शोर मचाने पर दौड़े ग्रामीणों को देख हमलावरों ने फायरिंग की थी, जिससे एक व्यक्ति को गोली लग गई थी। उस घटना में मुकदमा दर्ज कराया गया था। उस घटना में फरार चल रहे आरोपित विजय प्रताप सिंह पुत्र स्वर्गीय श्री नारायण सिंह निवासी दहेरखुर्द थाना रानीगंज को मऊडड़िया गांव से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक को बरामद किया।