चिकना के लिए झारखंड भेजी गई पुलिस टीम
जासं, इलाहाबाद : मुंबई में गिरफ्तार कुख्यात हसन चिकना को इलाहाबाद लाने के लिए एक पुलिस टीम
जासं, इलाहाबाद : मुंबई में गिरफ्तार कुख्यात हसन चिकना को इलाहाबाद लाने के लिए एक पुलिस टीम झारखंड भेज दी गई है। इलाहाबाद पुलिस उसे बी वारंट पर यहां लाएगी। इसके बाद पूछताछ करते हुए सोना व अन्य वस्तु बरामदगी का प्रयास होगा।
दरअसल, सिविल लाइंस स्थित यूको बैंक की मुख्य शाखा में 17 लॉकर तोड़कर करोड़ों रुपये की चोरी हुई थी। एक मई की सुबह घटना की जानकारी होने पर पुलिस अधिकारियों में खलबली मच गई थी। तत्कालीन एसएसपी आकाश कुलहरि ने क्राइम ब्रांच, एसटीएफ समेत पुलिस की कई टीम को शातिर चोरों की गिरफ्तारी में लगाया था। घटना के करीब 13 दिन बाद एएसपी सुकीर्ति माधव की अगुवाई में पुलिस टीम ने झारखंड से हसन चिकना गिरोह के छह सदस्यों व मददगारों को गिरफ्तार करते हुए घटना का पर्दाफाश किया था। अभियुक्तों के पास से महज 10 लाख रुपये ही बरामद हुआ था। इलाहाबाद पुलिस ने यूको बैंक की चोरी का मुख्य आरोपित व मास्टर माइंड हसन चिकना को बनाया था। एसएसपी नितिन तिवारी ने हसन समेत चार फरार अभियुक्तों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया था। सभी की तलाश चल ही रही थी कि बोकारो पुलिस ने नवी मुंबई से हसन को दबोच लिया। यूको बैंक में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने झारखंड साहेबगंज के अकबर, आजाद, हामिद, बिहार के धनेश्वर कुशवाहा, कौशांबी के अमजद उर्फ अजमेरी और करेली के बाबला उर्फ बबलू को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। जबकि झारखंड के ही हसन शेख उर्फ हसन चिकना उर्फ मलिक रज उर्फ सलीम शेख व मुख्तार, रहीम उर्फ टर्की और लबरेज फरार थे। यूको बैंक के शातिर चोरों ने यह भी कबूल किया था कि उन्होंने कौशांबी के करारी स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा से करेंसी चेस्ट काटकर 10 लाख रुपये उड़ाए थे।
.
वर्जन-
यूको बैंक चोरी के मुख्य आरोपित हसन चिकना के लिए इलाहाबाद से एक टीम झारखंड भेजी गई है। उससे पूछताछ कर चोरी गया सोना व अन्य जेवरात बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।
- नितिन तिवारी, एसएसपी