अशरफ की पिस्टल बरामद, जानिए क्यों गिरफ्तार हुआ 'एसपी सिटी' Prayagraj News
पिस्टल धूमनगंज थाना क्षेत्र के मरियाडीह में रहने वाले मो. तालिब उर्फ एसपी सिटी के घर से शुक्रवार भाेर में बरामद की गई। पुलिस ने मोहम्मद तालिब उर्फ एसपी सिटी को गिरफतार कर लिया है।
प्रयागराज,जेएनएन। पुलिस ने पूर्व विधायक खालिद अजीम उर्फ अशरफ की लाइसेंसी पिस्टल को बरामद कर लिया। पिस्टल धूमनगंज थाना क्षेत्र के मरियाडीह में रहने वाले मो. तालिब उर्फ एसपी सिटी के घर से शुक्रवार भाेर में बरामद की गई। पुलिस ने मोहम्मद तालिब उर्फ एसपी सिटी को गिरफतार कर लिया है। फरारी के दौरान अशरफ का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया था, लेकिन पिस्टल थाने में जमा नहीं की गई थी। गुुरुवार को कस्टडी रिमांड पर पुलिस ने पूछताछ शुरू करते हुए पिस्टल को खोज निकाला। सीओ सिविल लाइंस वृजनारायण सिंह का कहना है कि पिस्टल की बरामदगी के बाद अशरफ को जेल भेज दिया गया है। मोहम्मद तालिब उर्फ एसपी सिटी को गिरफतार किया गया है। उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
क्राइम ब्रांच और एसटीएफ ने की पूछताछ
पूर्व विधायक खालिद अजीम उर्फ अशरफ से गुरुवार को पुलिस घंटों पूछताछ करती रही। कैंट थाना परिसर स्थित क्राइम ब्रांच के इंट्रोगेशन रूम में स्पेशल टॉस्क फोर्स (एसटीएफ) के अलावा पुलिस अधिकारियों और खुल्दाबाद, धूमगनंज व सिविल लाइंस की टीम ने चरणवार पूछताछ की। फरारी के वक्त किस-किस ने मदद की, इसके बारे में कुछ जानकारी मिली है। यह भी पता चला है कि मेरठ, दिल्ली समेत कई जगहों पर पनाह ली थी।
पूर्व सांसद अतीक अहमद के छोटे भाई अशरफ पर एक लाख का इनाम था। वह तीन साल से फरार चल रहा था। फरारी के दौरान ही उसके पिस्टल का लाइंसेंस निरस्त कर दिया गया था, मगर उसे थाने में जमा नहीं किया गया था। इस पर उसके खिलाफ मुकदमा लिखा गया था। इसके अलावा वह चार मुकदमों में वांछित था, जिस पर कुछ दिन पहले उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
भागने से पहले घर में छोड़ दी थी पिस्टल
खुल्दाबाद थाना क्षेत्र के चकिया निवासी अशरफ से पिस्टल बरामदगी व पूछताछ के लिए गुरुवार सुबह उसे एक दिन के लिए पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया गया। फिर उससे दो अधिवक्ताओं के सामने सुबह से लेकर रात तक सिलसिलेवार पूछताछ की गई। पुलिस का कहना है कि अशरफ ने बताया कि भागते वक्त वह घर में ही पिस्टल छोड़ गया था।
ये पूछे गए सवाल-
- लाइसेंसी पिस्टल कहां है और कब खरीदी गई।
- पिस्टल नहीं है तो उसकी कारतूस कहां रखी।
- फरारी के दौरान कहां-कहां पनाह ली।
- कितने अपराधी, सफेदपोश ने मदद की।
- अवैध कमाई से कितनी संपत्ति अर्जित की।
- दोहरे हत्याकांड में उसकी क्या भूमिका थी।
- सीज की गई संपत्ति पर अवैध कब्जा कैसे हुआ।
- किस-किस मुकदमे के गवाहों को धमकी दी गई।
- अवैध असलहा और कारतूस कहां से मिली थी।
- उसके फरार करीबी इस वक्त कहां हो सकते हैं।